*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट* - जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आज मंगलवार को सुबह 11 बजे जिला पंचायत महासमुंद के सभा कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने की।
बैठक में जिले में संचालित केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा की गई।
*बैठक में ये रहे मौजूद -*
बैठक में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जनपद पंचायतों के अध्यक्षगण, नगरीय निकायों के अध्यक्षगण, प्रतिनिधि, सदस्य, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के प्रमुख निर्देश -*
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदनों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना अत्यंत आवश्यक है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि *बिना मान्यता प्राप्त संचालित अवैध क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई सुनिश्चित करे, अवैध क्लीनिक पाए जाने पर उसे सील करे, जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।*
साथ ही उन्होंने कहा कि *स्कूलों में जो शिक्षक लंबे समय से अनुपस्थित हैं, उन पर विभागीय जांच की कार्रवाई करते हुए बर्खास्त करने की कार्रवाई प्रारंभ करें।*
सांसद ने कहा हम सभी का मुख्य उद्देश्य यह होना चाहिए कि अधिक से अधिक नागरिकों तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं पहुंचे। वीबी-रामजी योजना अंतर्गत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करें, साथ ही मुक्तिधाम और पीडीएस भवनों के लिए स्वीकृति दें। मजदूरों का भुगतान 15 दिवस में अनिवार्य रूप से हो।
सामुदायिक शौचालयों पर विशेष जोर -* सांसद ने कहा सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई एवं नियमित उपयोग के लिए विशेष ध्यान दें, जिले में 495 सामुदायिक शौचालय हैं, वे नियमित रूप से खुले और उनकी साफ-सफाई सुनिश्चित हो, डिजिटल एप तैयार कर इसकी मॉनिटरिंग की जाए।
*स्वामित्व योजना -* बैठक में स्वामित्व योजना अंतर्गत भू-अधिकार पत्रों को शिविरों में वितरण के निर्देश दिए। जिले में 78 हजार लक्ष्य के अनुरूप 76 हजार 821 पट्टे तैयार हैं, जिनमें से 71 हजार 675 वितरण कर दिया गया है।
*पशुपालन -* अधिक से अधिक लोगों को उन्नत नस्ल की गाय, बकरी वितरण करने और सड़कों में विचरण कर रहे आवारा पशुओं की रोकथाम के निर्देश दिए।
*विधायकों ने रखी बात -* महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि महिला बाल विकास विभाग अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में पात्र हितग्राहियों का जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नाम चयन करें। वर्तमान मौसम को देखते हुए जिन सड़कों में गड्ढे हैं और मरम्मत की आवश्यकता है, उसे ठेकेदारों को निर्देशित कर दुरुस्त कराया जाए, विशेषकर बेलसोंडा से साराडीह मार्ग पर मरम्मत की आवश्यकता है।
बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने शिकायतों के निराकरण के निर्देश देते हुए क्षेत्रीय समस्याओं के संबंध में भी अवगत कराया।
*कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कहा -* महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अन्य विषयों पर चर्चा कर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। शासन की किसी भी योजना में किसी भी नागरिक, हितग्राही को अतिरिक्त राशि देने की आवश्यकता नहीं है, ऐसे लोगों के विरुद्ध FIR करने के निर्देश दिए।
