महासमुंद की बेटियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान, छत्तीसगढ़ ने जीते कुल 64 पदक*
*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 13 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित 17वीं राष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट में महासमुंद जिले की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, बसना में अध्ययनरत छात्राएं जिया नाग और प्रिया भोई ने अपनी-अपनी श्रेणी में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
छत्तीसगढ़ का दबदबा कायम*
कूडो एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के सचिव राजा कौशल तथा कोच लिलिमा सोनी, भूपत साहू और मनीष साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 31 राज्यों से लगभग 5,600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य से 135 खिलाड़ियों के दल ने भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 64 पदक (13 स्वर्ण, 20 रजत और 31 कांस्य) जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
खेल अधिकारी और संघ ने दी बधाई*
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महासमुंद के जिला खेल अधिकारी (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) मनोज कुमार धृतलहरे ने हर्ष व्यक्त करते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों और कोच को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए बताया कि कूडो भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त खेल है, जिसमें महासमुंद के खिलाड़ी विगत कई वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले का नाम रौशन कर रहे हैं।
श्री धृतलहरे ने बताया कि राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाता है। इसके अतिरिक्त, कक्षा 10वीं एवं 12वीं में अध्ययनरत पदक विजेता विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बोनस अंक का लाभ भी प्रदान किया जाता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा आगामी 18वीं अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कूडो एसोसिएशन महासमुंद की अध्यक्ष मीरा पंडा, सचिव उपेंद्र प्रधान सहित समस्त खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
