महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चद्राकर की रिपोर्ट। विकासखंड महासमुंद के शासकीय प्राथमिक शाला सलिहाभांठा में पालक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पटेवा के पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षाविद श्री एस.सी. प्रधान का शाला प्रबंधन समिति एवं पालकों द्वारा आत्मीय सम्मान किया गया।
समारोह में विद्यालय के बच्चों द्वारा श्री प्रधान को स्मृति चिन्ह भेंट कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और सलिहाभांठा शाला को निरंतर प्रेरणा व मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस यादगार क्षण को चिरस्थायी बनाने के लिए श्री प्रधान द्वारा विद्यालय परिसर में अमड़ा और चालटा के फलदार पौधों का रोपण किया गया।
अपने उद्बोधन में श्री प्रधान ने बच्चों को अधिक से अधिक प्रश्न करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रश्नों के उत्तर खोजने के लिए जी-जान लगा दें और अपने आसपास के लोगों व परिवेश से सीखने का प्रयास करें। उन्होंने सलिहाभांठा के पालकों, विशेषकर माता-पालकों की सराहना करते हुए कहा कि माता ही बच्चे की प्रथम गुरु होती है, उन्हें बच्चों को बेबाक बनाने और स्वतंत्र सोच के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन इको क्लब की सांस्कृतिक मंत्री प्रियंका ने किया, जिसकी श्री प्रधान ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इको क्लब की प्रधानमंत्री हिमांशी, उपप्रधानमंत्री मीरा एवं सचिव वेनुष ने विद्यालय में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी और पालकों से भविष्य के लिए सुझाव व मार्गदर्शन आमंत्रित किया। प्रधानपाठक योगेश निर्मलकर ने बताया कि श्री प्रधान के प्रोत्साहन से बच्चों में मंच संचालन और अभिव्यक्ति क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर श्री प्रधान ने विद्यालय को गोद लेने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि वे निरंतर इस विद्यालय से जुड़े रहकर बेहतर कार्ययोजना के साथ सीखने की प्रक्रिया को और सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे। बच्चों ने उनके अध्ययन काल और सेवाकाल से जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा शांत की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक रामेश्वर ढीढी, तिलक साहू एवं त्रिलोकी साहू का विशेष योगदान रहा। श्री तिलक साहू एवं श्री भुवन साहू ने श्री प्रधान को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर तुमगांव के प्रधानाचार्य देवेंद्र निर्मलकर, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष पिरीत राम साहू, विधायक प्रतिनिधि भुवन साहू, पालकगण देवकी सिन्हा, टिकेश्वरी दीवान, बीना यादव, भुनेश्वरी सिन्हा, लक्ष्मी दीवान, वंदना ध्रुव, हीराबाई साहू, जिज्ञासा साहू, कचरी बरिहा, सेतबाई दीवान, गोदावरी दीवान, नीरा दीवान, दौलत राम दीवान, दल्लूराम यादव, भोजराम साहू, तिलक यादव, यादराम साहू, गुलाब ध्रुव, भुनेश्वर साहू, हुलश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पालक, ग्रामीणजन एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।



