महासमुंद गौरव चंद्राकर संस्कार न्यूज़ की रिपोर्ट।* बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर परसदा (ब) स्थित पुलिस लाईन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा विशेष रूप से शामिल हुए और देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद जवानों को सलामी और दो मिनट का मौन धारण कर की गई। इस दौरान विधायक श्री सिन्हा ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
अपने उद्बोधन में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि पुलिस के जवान विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराधों पर नियंत्रण रखने और समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका है। कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना कर्तव्यों का निर्वहन किया। उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम में शहीद जवानों के परिजनों को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर सरायपाली विधायक चातुरी नंद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, भाजपा नेता संदीप दीवान, रमेश साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
via Blogger https://www.sanskar.live/2026/10/blog-post_21.html
October 21, 2026 at 06:41PM


