लौह पुरुष के अखंड भारत के स्वप्न को साकार करता दृश्य, सुरक्षा और शिक्षा का संगम बना आकर्षण
पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट/ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर स्थानीय रामदर्शन पब्लिक स्कूल जंघोरा पिथौरा के प्रांगण में एक अभूतपूर्व कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यालय सभागार में गुजरात के एकता नगर (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) से आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं एकता परेड 2026 के सजीव प्रसारण को देखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
*पुलिस और शिक्षा का संगम -* कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इस राष्ट्रीय पर्व के सजीव प्रसारण को देखने के लिए पिथोरा पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण, उनके परिवारजन तथा रामदर्शन पब्लिक स्कूल के शिक्षक-वृंद एक ही मंच पर एक साथ उपस्थित रहे।
सभागार में सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों और देश के एकीकरण में उनके अप्रतिम योगदान को स्मरण किया। जहां पुलिस बल देश की आंतरिक सुरक्षा का प्रतिनिधित्व कर रहा था, वहीं शिक्षक भावी पीढ़ी में संस्कारों की ज्योति प्रज्वलित कर रहे थे।
*भारत माता के जयकारों से गूंजा सभागार -* लाइव प्रसारण के दौरान जब स्क्रीन पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में विभिन्न सैन्य टुकड़ियों, अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस दस्तों ने अनुशासित एकता परेड का प्रदर्शन किया, तो पूरा सभागार 'भारत माता की जय' और 'सरदार पटेल अमर रहें' के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों, शिक्षकों और परिजनों ने राष्ट्र की अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने की एकता शपथ ली।


