*पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट/ -* "जो हर सुबह सूरज उगने से पहले हमारे शहर की गलियों को संवारती हैं, आज उनके स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा का दायित्व हम सब ने निभाया है। स्वच्छता दीदियों का समर्पण ही हमारे स्वच्छ परिवेश की असली ताकत है।" इसी सेवा भावना के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नगर पंचायत पिथौरा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा के संयुक्त समन्वय से स्वच्छता दीदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में आयोजित इस शिविर में नगरीय निकाय की कुल 18 स्वच्छता दीदियों का संपूर्ण एवं गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य टीम द्वारा विस्तृत जांचें की गईं।
*ये जांचें हुईं प्रमुख -*
शिविर में ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच, रक्त परीक्षण एवं हीमोग्लोबिन स्तर, सिकल सेल स्क्रीनिंग, हेपेटाइटिस-बी एवं एचआईवी जांच, नेत्र परीक्षण, टीबी जांच एवं आवश्यकतानुसार डिजिटल एक्स-रे सहित अन्य जरूरी नैदानिक जांचें की गईं।
जांच उपरांत सभी दीदियों को चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि हमारा दृढ़ विश्वास है - जब स्वच्छता दीदी स्वस्थ रहेंगी, तभी उनका परिवार स्वस्थ रहेगा और तभी हमारा शहर व समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। ‘स्वस्थ दीदी, स्वच्छ शहर, विकसित भारत’ और *"स्वस्थ स्वच्छता दीदी, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज, स्वस्थ भारत"* के ध्येय को साकार करने में यह शिविर एक सार्थक पहल साबित हुआ।
शिविर के सफल आयोजन में नगर पंचायत प्रशासन तथा सीएचसी पिथौरा के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा।




