दिव्यांगजनों के अधिकार और सम्मान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का लिया संकल्प, साइटसेवर्स इंडिया की राज्य अधिकारी पूजा सोनी ने दिया मार्गदर्शन
*महासमुंद संस्कार नज़ गौरव चंद्राकर।* उन्नति दिव्यांग कल्याण संघ महासमुंद की नई कार्यकारिणी का गठन पिथौरा विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार में निर्वाचन के माध्यम से किया गया। निर्वाचन कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन किया। निर्वाचन में सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर प्रीतम बंजारे, उपाध्यक्ष पद पर राकेश व्यवहार, सचिव पद पर उमाशंकर यादव, सह सचिव पद पर प्रभाकर साहू एवं कोषाध्यक्ष पद पर लक्ष्मीतिन साहू को निर्वाचित किया गया, वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में संजय परमार एवं विश्वनाथ पटेल को चुना गया। इसके साथ ही संगठन को मार्गदर्शन देने के लिए वरिष्ठ सलाहकार के रूप में मन्नू विश्वकर्मा, यज्ञ नारायण, गोविंद राम पटेल, टीकेश्वर पटेल एवं महेश राम टंडन को मनोनीत किया गया। इस अवसर पर साइटसेवर्स इंडिया की राज्य अधिकारी पूजा सोनी, जिले के प्रमुख सुरेश शुक्ला तथा कार्यकर्ता रेखराज साहू, मोतिलाल बारीक एवं ओम प्रकाश रजक उपस्थित रहे, उनकी उपस्थिति में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन की आगामी गतिविधियों एवं कार्ययोजना के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान, सामाजिक समावेशन, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। संगठन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना तथा समाज में समान अवसर और समावेशी वातावरण के निर्माण के लिए कार्य करना है। नवगठित कार्यकारिणी द्वारा आगामी दिनों में महासमुंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दिव्यांगजनों के बीच पहुंच बढ़ाकर सदस्यता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम एवं अधिकार आधारित गतिविधियों को गति देने की बात कही गई।
