*पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर।* सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में बुधवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। अस्पताल परिसर में सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित कर जन-कल्याण, बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया। दीयों की रोशनी से पूरा अस्पताल परिसर जगमगा उठा।
कार्यक्रम का नेतृत्व खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. तारा अग्रवाल ने किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह दीप केवल प्रकाश का माध्यम नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के समर्पण, सेवा भावना और मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सामूहिक प्रार्थना का प्रतीक है। सेवा संकल्प अभियान के जरिए जन-जन तक बेहतर और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक जय कांत विश्वकर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जनसेवा के लिए सदैव तत्पर है और ऐसे आयोजनों से समस्त स्टाफ में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है।
इस दौरान बीईटीओ रामकिशोर अवस्थी, नर्सिंग सिस्टर आर. नाग सहित अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पंक्तिबद्ध रूप से दीये जलाकर आरोग्य और समृद्धि की कामना की। अस्पताल की सीढ़ियों और मुख्य प्रवेश द्वार पर जगमगाते दीयों के बीच सभी ने सेवा और समर्पण के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में अस्पताल के अन्य स्टाफ एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

