एक पेड़ माँ के नाम अभियान से जुड़ा पूरा गांव, शाला परिसर में लगाए सैकड़ों पौधे और गमले
*बसना संस्कार न्यूज गौरव चंद्राकर*/शहीद ग्राम खेमड़ा में रविवार को देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संगम देखने को मिला। "शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा" की भावना को चरितार्थ करते हुए ग्रामवासियों ने वीर शहीद सत्यनारायण बगर्ती की जन्मभूमि में शहीदों एवं अपने पूर्वजों की स्मृति में सैकड़ों पौधे रोपे।
यह आयोजन 'एक पेड़ माता के नाम' अभियान के तहत किया गया। आयोजन में ग्राम पंचायत खेमड़ा की सरपंच श्रीमती उषा दुर्योधन पटेल, समस्त पंचगण, शाला विकास समिति खेमड़ा के सभी सदस्य, पालकगण, स्कूली बच्चे, समस्त ग्रामवासी तथा शुभा नर्सिंग होम एवं शुभा सेवा समिति सरायपाली के डायरेक्टर डॉ. भागेश्वर पटेल एवं डॉ. सुजाता पटेल की विशेष सहभागिता रही।
*भारत माता की आरती से हुआ शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा भारत माता की आरती और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात ग्राम की सरपंच उषा दुर्योधन पटेल, डॉ. भागेश्वर पटेल एवं डॉ. सुजाता पटेल द्वारा वीर शहीद सत्यनारायण बगर्ती के परिवार का शॉल, श्रीफल से सम्मान किया गया। इस दौरान पूरे गांव के नागरिकों, गणमान्य लोगों और जनप्रतिनिधियों ने करतल ध्वनि से शहीद परिवार का अभिनंदन किया।
शहीद और पूर्वजों की स्मृति में रोपे पौधे*
सम्मान समारोह के बाद सर्वप्रथम वीर बलिदानी सत्यनारायण बगर्ती की स्मृति में शासकीय प्राथमिक शाला खेमड़ा के प्रांगण में पौधा रोपित किया गया। इसके बाद ग्राम के लोगों ने अपने-अपने पूर्वजों की याद में पौधे लगाए।
ग्राम के गजानन बेहरा ने स्वर्गीय शौकीलाल बेहरा एवं इंदुमती बेहरा, डॉ. भागेश्वर पटेल एवं डॉ. सुजाता पटेल ने स्व. थबीर मोहन पटेल एवं स्व. चक्रधर सिंह पटेल, दुर्योधन पटेल ने स्व. नंदलाल पटेल, अश्वनी बगर्ती ने स्व. सौदागर बगर्ती, उपेंद्र बांक ने स्व. करुणाकर बांक, चंद्रपाल पटेल ने स्व. प्यारीलाल पटेल, थान कुमारी वैष्णव ने स्व. बाबा विष्णुशरण, दयामणि सिदार ने स्व. रामेश्वर सिदार सहित 40 से अधिक परिवारों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
*आदर्श ग्राम बनाने का लिया संकल्प*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज हम उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। शहीद ग्राम खेमड़ा के नागरिकों द्वारा अपने शहीद और पूर्वजों को इस प्रकार सम्मान देना पूरे जिले के लिए प्रेरणा है।
सभी ने संकल्प लिया कि हम शहीदों के आशीर्वाद से देश के लिए जिएंगे, देश के लोगों की सेवा करेंगे और राष्ट्र की उन्नति में अपनी सर्वोच्च भूमिका निभाएंगे। साथ ही शहीद ग्राम खेमड़ा को हर दृष्टि से आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का संचालन शासकीय प्राथमिक शाला खेमड़ा के शिक्षक वीरेंद्र कर ने किया। अंत में सभी ने पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।



