महासमुंद में 17 सितंबर को जलेगा सेवा का दीप, 6 लाख दीयों से रोशन होगा जिला* - sanskar.live

LIVE KHABAR UPDATE

🔴 LIVE KHABAR
00:00:00
● ताजा खबरें — पल-पल का लाइव अपडेट● Sanskar News — आपके क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण खबर● ब्रेकिंग न्यूज और स्थानीय समाचार लगातार अपडेट
Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

सितंबर 14, 2026

महासमुंद में 17 सितंबर को जलेगा सेवा का दीप, 6 लाख दीयों से रोशन होगा जिला*

प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा को समर्पित है कार्यक्रम, अटल परिसर में जलेंगे 8 हजार दीप*


*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महासमुंद जिले में 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले भर में करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित है। प्रशासन ने जिलेवासियों से 'हर घर एक दीया' जलाकर इस अभियान में भागीदार बनने की अपील की है।


अटल परिसर में होगा मुख्य आयोजन*

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन अटल परिसर महासमुंद में होगा। यहां लगभग 8 हजार दीपों से परिसर को रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों, ग्रामीण बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।

*तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर ने ली बैठक*

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने आज टास्कफोर्स एवं सभी नोडल अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ 16 सितंबर तक सभी तैयारियां पूर्ण करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम का शेड्यूल*

17 सितंबर को शाम 5 बजे से 6 बजे तक सभी स्थलों पर साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था और ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था पूरी की जाएगी। शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी और रंगोली प्रदर्शन होगा, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की दीदियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रहेगी। ठीक शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित स्थलों पर एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन होगा।

*ब्लॉकवार इतने दीप जलाने का लक्ष्य*

प्रशासन ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किया है।

*ग्रामीण क्षेत्र (5.51 लाख दीप):* महासमुंद ब्लॉक - 1.05 लाख, बसना - 1.02 लाख, पिथौरा - 1.26 लाख, बागबाहरा - 1.11 लाख, सरायपाली - 1.07 लाख दीप।

- *नगरीय क्षेत्र (20 हजार दीप):* बसना, पिथौरा, तुमगांव और सरायपाली नगरीय निकायों में।

जिले में प्रारंभिक रूप से 5.83 लाख दीपों का लक्ष्य है, जिसे जनभागीदारी से बढ़ाकर 6 लाख तक ले जाया जाएगा।

प्रभारी कलेक्टर अनुपमा आनंद ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर को अपने घर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर अभियान को सफल बनाएं।