पुरानी पुलिया पर चार पहिया वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, साहू समाज ने एसडीएम और कलेक्टर को ज्ञापन
*सांकरा/पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* थाना सांकरा क्षेत्र अंतर्गत जोंक नदी में 30 अगस्त को एक युवक के बाइक सहित बह जाने के मामले में 48 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों और साहू समाज ने उच्च स्तरीय गोताखोर एवं आपदा राहत टीम लगाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गबौद (बार) तहसील कसडोल जिला बलौदाबाजार निवासी भागीरथी साहू, जो कौड़िया परिक्षेत्र क्रमांक 01 पिथौरा साहू समाज के सामाजिक पदाधिकारी हैं, 30 अगस्त को दोपहर लगभग 2 बजे सांकरा जोंक नदी के पुराने पुल पर चार पहिया वाहन से मोटरसाइकिल में टक्कर लगने के कारण बाइक सहित नदी में गिर गए।
घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर आपदा राहत एवं बचाव टीम द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन अभी तक युवक और बाइक का कोई सुराग नहीं मिला है।
इस संबंध में साहू समाज एवं परिजनों ने 1 सितंबर को थाना प्रभारी सांकरा, जिलाधीश महासमुंद, अनुविभागीय अधिकारी पिथौरा एवं तहसीलदार पिथौरा को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय गोताखोर टीम तत्काल लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में साहू समाज कौहिया परिक्षेत्र के अध्यक्ष श्याम कुमार साहू, संरक्षक नोहर दास साहू, उपाध्यक्ष प्रीतम साहू, संगठन सचिव विजय शंकर साहू, भतीजे मोहित राम साहू और भाई संतोष साहू सहित समाज के पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं।




