*बागबाहरा संस्कार न्यूज़।* थाना बागबाहरा क्षेत्र में राहगीर को रोककर मोबाइल और नगदी लूटने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। बागबाहरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर लूट की वारदात को सुलझाते हुए 4 बालिग आरोपियों और 4 विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 8 को पकड़ा है।
प्रार्थी दिनेश कुमार सूर्यवंशी पिता गणेश राम उम्र 24 साल निवासी महावीर कॉम्प्लेक्स बागबाहरा ने 15 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दोपहर 2.30 बजे ग्राम घुंचापाली में जिओ टॉवर से काम कर बागबाहरा लौट रहा था। रेलवे फाटक धान मंडी बागबाहरा के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी बाइक रोककर मारपीट की और चाकू दिखाकर उसका रियलमी 15 5जी मोबाइल कीमत 28 हजार और 200 रुपये नगद कुल 28,200 रुपये लूटकर भाग गए। रिपोर्ट पर थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 187/26 धारा 310(2), 126(1) बीएनएस, 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटनास्थल के आसपास लोगों से प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले। संदेह के आधार पर पुलिस ने शिवदास पिता बकारू उम्र 26 साल, वासु सोनवानी पिता संजय सोनवानी उम्र 19 साल, राज तांडी पिता सुरेश तांडी उम्र 19 साल सभी निवासी वार्ड 10 बागबाहरा, शिवप्रसाद उर्फ कन्हैया नेताम पिता रामायण नेताम उम्र 22 साल निवासी वार्ड 04 ढांगाडीपारा बागबाहरा और 4 नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने लूट की वारदात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल, 200 रुपये नगद और एक चाकू बरामद किया गया है। चारों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल और चारों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
