शासकीय आशीबाई गोलछा स्कूल की छात्रा 108 देशों के साथ मिलकर बनाएगी चंद्र उपग्रह, नोएडा में होगी 8 दिन की ट्रेनिंग - sanskar.live

Hot




जुलाई 09, 2026

शासकीय आशीबाई गोलछा स्कूल की छात्रा 108 देशों के साथ मिलकर बनाएगी चंद्र उपग्रह, नोएडा में होगी 8 दिन की ट्रेनिंग

 महासमुंद की बेटी रागनी साहू अब करेंगी चंद्रमा पर वैज्ञानिक प्रयोग



*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर 9 जुलाई 2026* /महासमुंद जिले के लिए गौरव का क्षण है। जिले की प्रतिभावान छात्रा ने न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा *कु. रागनी साहू* का चयन अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन *"Mission ShakthiSAT"* के लिए National Finalist के रूप में हुआ है।

यह चयन देशभर में आयोजित अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के बाद हुआ है। इसमें ऑनलाइन स्पेस लर्निंग मॉड्यूल, तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय स्तर के साक्षात्कार शामिल थे।

*120 घंटे की ट्रेनिंग के बाद मिली सफलता*  

रागनी ने वर्ष 2025 में स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन में पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने लगभग 120 घंटे की ऑनलाइन प्रशिक्षण श्रृंखला पूरी की। इसके अंतर्गत उन्होंने 21 विस्तृत मॉड्यूल और 550 से अधिक स्पेस, सैटेलाइट, विज्ञान, नवाचार, इंजीनियरिंग एवं नेतृत्व आधारित लेसन सफलतापूर्वक पूर्ण किए। 

इसके पश्चात हुए तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रागनी ने भारत से चयनित केवल 20 राष्ट्रीय फाइनलिस्ट में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

*108 देशों की छात्राएं करेंगी मिलकर काम*  

Mission ShakthiSAT एक अंतरराष्ट्रीय चंद्र सैटेलाइट मिशन है। इसमें विश्व के 108 देशों की छात्राएं भाग ले रही हैं। इनमें अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, फ्रांस सहित कई देश शामिल हैं। इस प्रतिष्ठित मिशन के तहत विद्यार्थियों द्वारा दो चंद्र उपग्रह विकसित किए जाएंगे। 



इनमें से एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होकर उसकी परिक्रमा करेगा, जबकि दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर उतरकर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। विद्यार्थियों द्वारा विकसित इन उपग्रहों का *11 अक्टूबर 2026, अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस* के अवसर पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो द्वारा प्रक्षेपण किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण सभी चयनित प्रतिभागी एवं देशभर के विद्यार्थी देख सकेंगे।

*नोएडा में होगी विशेष वर्कशॉप*  

राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में रागनी साहू *22 अगस्त से 31 अगस्त 2026* तक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित 8 दिवसीय Mission ShakthiSAT National Workshop में भाग लेंगी। इस कार्यशाला का औपचारिक शुभारंभ *23 अगस्त – राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस* के अवसर पर किया जाएगा।

इस कार्यशाला में भारत एवं विभिन्न देशों के चयनित छात्र-छात्राएं मिलकर अंतरराष्ट्रीय टीमों का गठन करेंगे। यहां उन्हें सैटेलाइट डिज़ाइन एवं निर्माण, पेलोड डेवलपमेंट, स्पेस साइंस, इंजीनियरिंग, नवाचार, नेतृत्व और टीमवर्क का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। 

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को इसरो, IN-SPACe के वैज्ञानिकों, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन *शुभांशु शुक्ला* और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से संवाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

*अधिकारियों ने दी बधाई*  

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला कलेक्टर *विनय लंगेह*, जिला शिक्षा अधिकारी *बी.एल. देवांगन*, जिला मिशन समन्वयक *रेखराज शर्मा* ने छात्रा रागनी साहू, प्राचार्य *जी.आर. सिन्हा* तथा अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी व भौतिकी व्याख्याता *चंद्रशेखर मिथलेश* के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

*Mission ShakthiSAT के बारे में*  

यह मिशन Atal Innovation Mission, नीति आयोग से सम्बद्ध है। इसके माध्यम से भारत के 100 से अधिक अटल टिंकरिंग लैब इस अभियान से जुड़े हैं। इस वैश्विक पहल का संचालन Space Kidz India की डॉ. श्रीमथी केसन के नेतृत्व में किया जा रहा है। विंग कमांडर जया तारे इस मिशन की भारत की राष्ट्रीय राजदूत हैं।

Post Top Ad

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer