शिक्षक दिवस पर भैरोपुर विद्यालय के शिक्षक भोजराज प्रधान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल से हुए सम्मानित - sanskar.live

LIVE KHABAR UPDATE

🔴 LIVE KHABAR
00:00:00
● ताजा खबरें — पल-पल का लाइव अपडेट● Sanskar News — आपके क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण खबर● ब्रेकिंग न्यूज और स्थानीय समाचार लगातार अपडेट
Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

सितंबर 06, 2022

शिक्षक दिवस पर भैरोपुर विद्यालय के शिक्षक भोजराज प्रधान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल से हुए सम्मानित



पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चन्द्राकर/5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन के दरबार हाल में आयोजित राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल सुश्री अनुसूइया उइके  के द्वारा श्री भोजराज प्रधान सहायक शिक्षक शासकीय प्राथमिक शाला भैरोपुर को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल , शिक्षा मंत्री श्री प्रेमसाय सिंह टेकाम की उपस्थिति में राज्यपाल पुरस्कार प्रदान किया गया । इस अवसर पर प्रसस्ति पत्र, शाल, श्रीफल व 21 हजार रूपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।

आपको बता दें श्री भोजराज प्रधान 27-05-1999 से स्कूल शिक्षा विभाग में सेवारत हैं । वर्तमान में शासकीय प्राथमिक शाला भैरोपुर विकास खंड पि थौरा जिला महासमुंद में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इनके नेतृत्व में सामुदायिक सहभागिता से विद्यालय परिसर में 280 ट्रॉली मुरुम मिट्टी पाटकर आकर्षक बाल उद्यान बनाया गया है। जन सहयोग से शाला परिसर में रंगमंच पर शेड निर्माण, किचन के पास शेड निर्माण, ग्राम पंचायत के सहयोग शाला परिसर के अन्दर कांक्रीटीकरण किया गया है, जन सहयोग से विद्यालय के पास 40 हजार रुपये की लागत से जमीन क्रय की गई है। एल. ई. डी की व्यवस्था कर स्मार्ट क्लास का संचालन किया जा रहा है। जन सहयोग से इन्वर्टर और अन्य संसाधन जुटाए गए हैं। इनके नेतृत्व में इस विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था बहुत अच्छी है। श्री भोजराज प्रधान जी के द्वारा नवोदय चयन परीक्षा की  विशेष निःशुल्क कोचिंग दी जाती है। इनके विशेष प्रयासों से अब तक 51 बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय हेतु हुआ है। और पिछले दो वर्षों में 3 बच्चों का चयन सैनिक स्कूल अम्बिकापुर के लिये हुआ है। अनुसूचित जनजाति के बच्चों को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है, जिसमें 7 बच्चों का चयन हुआ है। व 1 विद्यार्थी का चयन जवाहर उत्कर्ष हेतु हुआ है। पिछले दो वर्षों से प्रतिदिन रात्रि 7 बजे से 8 बजे तक ऑनलाइन क्लास के माध्यम से निरन्तर अध्यापन कराया जा रहा है। स्मार्ट क्लास में पी. डी. एफ. पी. पी. टी. के माध्यम से कठिन विषयों को सरल बनाया जाता है। इनके द्वारा पिछले 8 वर्षों से रविवार व अन्य अवकाश दिवसों में अतिरिक्त कक्षा लगाकर उपचारात्मक शिक्षण व व्यक्तित्व विकास की गतिविधियां कराई जाती हैं। प्रतिवर्ष कमजोर वर्ग के छात्र छात्राओं को नवोदय चयन परीक्षा गाइड प्रदान किया जाता है। इनके हर कार्य में इनकी धर्मपत्नी श्रीमती रेखा प्रधान शिक्षिका पूर्व माध्यमिक शाला भैरोपुर सहयोग करती हैं। प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों के साथ मिलकर विद्यालय प्रबंधन व पढ़ाई का स्तर बहुत अच्छा किया गया है जिससे यहाँ पढ़ने के लिए बच्चे दूर दूर से आते हैं। वर्तमान में इस विद्यालय की दर्ज संख्या 112 है जिसमें 30 बच्चे भैरोपुर व 82 बच्चे आसपास के 30 गांव के हैं।

आसपास के पालक स्वयं के व्यय से स्कूल वैन से बच्चों को विद्यालय भेजते हैं। इनका लक्ष्य बच्चों का सर्वांगीण विकास व सरकारी स्कूल की तस्वीर बदलना है, जिसे यह विद्यालय चरितार्थ कर रहा है।

इन्हीं प्रयासों के कारण 2018 में मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण, 2019 में छत्तीसगढ़ माटीपुत्र सम्मान, छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड, कोलता समाज द्वारा संभाग स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान, आभास द्वारा जिला स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। श्री प्रधान अपने शिक्षकीय दायित्व एवं कर्तव्य के साथ शिक्षा में नवाचार करने के कारण क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय हैं। इन्हें राज्य शिक्षक सम्मान प्राप्त होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक श्री व्ही. के साहू, श्री एम. के. सिन्हा, श्रीमती रेखा प्रधान प्राथमिक शाला के शिक्षिका कु. प्रज्वलिता साहू, श्रीमती मोती यादव, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री तहसील कुमार नायक, श्री देवराज नायक, श्री भरतलाल नायक, श्री पुरन्दर सेठ, श्री रोहित नायक, श्री तेजकुमार चौहान, श्री चैतराम नायक, श्री प्रेमलाल नायक, श्रीमती रूपकुमारी नायक, सरपंच श्रीमती निलेन्द्री नेतराम निषाद सहित समस्त ग्रामवासियों पालकों ने बधाई दी है। साथ ही विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री के के ठाकुर, बी आर सी सी श्री अतुल प्रधान, पूर्व बी आर सी सी श्री एफ ए नन्द, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रांतीय संयोजक श्री सुधीर प्रधान, विकास खण्ड अध्यक्ष श्री महेंद्र चौधरी सहित सभी सदस्यों ने शुभकामनाएं प्रेषित कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।