पिथौरा संस्कार न्यूज़ / राष्ट्रीय राजमार्ग 53 में थाना के सामने स्थित शहीद स्मारक में महासमुंद जिले के सभी शहीद परिवारों का गरिमामय सम्मान किया गया ।
समारोह में स्थानीय कलाकारों ने अपने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से समां बांध दिया । देर रात तक श्रोताओं की उपस्थिति बनी रही । स्थानीय शहीद स्मारक समिति के द्वारा शहीद स्मारक स्थल पर " एक शाम शहीदों के नाम " कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिसके मुख्य अतिथि महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार शुक्ला थे अध्यक्षता जिला पंचायत के सीईओ एस आलोक ने की जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष आत्माराम यादव उपाध्यक्ष दिलप्रीत सिंह खनूजा थे ।

समारोह को संबोधित करते हुऐ पुलिस कप्तान विवेक शुक्ला ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से शहीद परिवारों को यह संदेश है कि भले ही भारत माता की सेवा में कोई उनका अपना शहादत को प्राप्त हो गया हो लेकिन उनके परिजन अकेले नहीं है । पूरा समाज उनके साथ है । उन्होंने कहा कि आजाद भारत में प्रत्येक व्यक्ति अपने लिये निर्धारित कर्तव्यों का ईमानदारी से निष्ठा पूर्वक निर्वहन करते हुऐ देश की सेवा में अपना योगदान दे सकता है । जिला पंचायत के सीईओ एस आलोक ने कहा कि आयोजन समिति एवं पिथौरा नगर वासियों की सकारात्मक सोच वंदनीय और अनुकरणीय है । भारत माँ की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान का भाव रखना समाज का कर्तव्य है । नगर अध्यक्ष आत्माराम यादव ने इस अवसर पर कहा कि शहीदों के सम्मान में आज नगर का माहौल राष्ट्रीय पर्वों की तरह राष्ट्र भक्ति से सराबोर हो गया है । शहीद स्मारक समिति के इस आयोजन की छाप लंबे समय तक अमिट रहेगी । समारोह को उपाध्यक्ष दिलप्रीत सिंह खनूजा एवं वरिष्ठ नागरिक अनन्त वर्मा ने भी संबोधित किया । 
कार्यक्रम में 1971 के बांग्लादेश युद्ध में शहीद हुये बसना के योगेश्वर दास के परिजनों को सर्वप्रथम पुलिस कप्तान के द्वारा सम्मानित किया गया तत्पश्चात विभिन्न नक्सली मुठभेड़ों में शहीद हुये महासमुंद जिले के 19 शहीद परिवारों को बारी बारी से सम्मान प्रदान किया गया । विशिष्ट दीर्घा में बैठे शहीद परिवारों को स्काउट व गाईड के छात्र छात्राओं द्वारा सलामी देकर मंच तक लाया गया सम्मान की पूरी प्रक्रिया में दर्शक दीर्घा से भारत माता की जय और अमर शहीदों का बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान के नारे गूंजते रहे । जिले के कोने कोने से आये शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया वे है क्रमशः - अमर शहीद ललित बुढेक पटेरापाली , नोहर सिंह ठाकुर छिबर्रा , गौर हरि साव आमापाली ,खगेंद्र कश्यप पंडरी पानी , विवेकानंद त्रिपाठी पिथौरा , घनश्याम सिंह ठाकुर परसदा , शकूर सिंह ठाकुर बगार पाली , राजेन्द्र दीवान खुशरूपाली , चंदन सिंह पोर्ते नवागांव , ताराचंद निर्मलकर खुशरूपाली , देवराज सुरजाल बै तारी लाल बहादुर नाग उड़ेला , श्याम लाल भोई खुरसी पहर , ऋषिकेश विशाल पेन्द्रावन, घनश्याम कन्नौजे बिरकोनी ,गौतम पाड़े गडफुलझर,सत्यनारायण बगरती खेमड़ा , योगेश्वर दास बसना , कमलेश सोनवानी बुंदेली , प्रमोद पटेल पिथौरा 
सम्मान समारोह गरिमामय ढंग से सम्पन्न होने के बाद स्थानीय कलाकारों ने राष्ट्रभक्ति गीतों एवं नृत्यों की प्रस्तुति देकर देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा । गायक कलाकरों ने देशभक्ति गीतों को संगीतमय आवाज देकर तथा संस्कार शिक्षण संस्थान पिथौरा के संचालक श्रीमती सीमा गौरव चंद्राकर के मार्गदर्शन में छात्र छात्राओं ने एकल एवं सामुहिक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी छाप छोड़ी । पिथौरा में पहली बार सम्पन्न हुई इस तरह के आयोजन में लोगों की उपस्थिति बड़ी संख्या में बनी रही और सर्वत्र कार्यक्रम की सराहना की जा रही है । शहीद स्मारक समिति के सदस्य आयोजन की सफलता के लिये महीने भर से सक्रिय रहे