अभनपुर में आयोजित की गई कला, संस्कृति और रचनात्मकता के रंगों से सजा विकासखंड स्तरीय कला उत्सव 2026 - sanskar.live

LIVE KHABAR UPDATE

🔴 LIVE KHABAR
00:00:00
● ताजा खबरें — पल-पल का लाइव अपडेट● Sanskar News — आपके क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण खबर● ब्रेकिंग न्यूज और स्थानीय समाचार लगातार अपडेट
Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

नवंबर 16, 2026

अभनपुर में आयोजित की गई कला, संस्कृति और रचनात्मकता के रंगों से सजा विकासखंड स्तरीय कला उत्सव 2026

*विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य एवं दृश्यकला की विविध विधाओं में किया प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन



देखें विडियो


*अभनपुर संस्कार न्यूज गौरव चंद्राकर क रिपोर्ट/* विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को मंच प्रदान करने, भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण-संवर्धन तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी अभनपुर, जिला रायपुर के आयोजन में विकासखंड स्तरीय कला उत्सव 2026 का आयोजन दावड़ा इंटरनेशनल स्कूल अभनपुर में किया गया। आयोजन में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य एवं दृश्यकला की विविध विधाओं में अपनी कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मक सोच और उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन किया।

*संगीत की महफिल में बिखरे सुरों के रंग*

कला उत्सव में विद्यार्थियों को अपनी रुचि, कल्पनाशीलता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विधाओं में अवसर प्रदान किया गया। संगीत गायन के अंतर्गत शास्त्रीय, उपशास्त्रीय एवं लोकसंगीत की एकल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं संगीत वादन में शास्त्रीय, उपशास्त्रीय एवं लोकसंगीत आधारित वादन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी संगीत साधना और वाद्य यंत्रों पर दक्षता का परिचय दिया।

नृत्य में जीवंत हुई छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति*

नृत्य विधा के अंतर्गत एकल शास्त्रीय नृत्य, पारंपरिक लोककला एवं आदिवासी नृत्य के साथ एकल एवं सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक भाव-भंगिमाओं, लय-ताल एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित भारतीय लोकसंस्कृति की समृद्ध परंपराओं को मंच पर जीवंत किया।

*दृश्यकला में कल्पनाशीलता की उड़ान*

दृश्यकला के अंतर्गत द्विआयामी एवं त्रिआयामी कला विधाओं में चित्रकला, मूर्तिकला, पेंटिंग, रंगोली तथा खेल-खिलौने निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक दृष्टिकोण, नवाचार एवं हस्तकौशल का परिचय देते हुए आकर्षक कलाकृतियों का निर्माण किया।

*कला व्यक्तित्व विकास का साधन - बीईओ*

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचन्द जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कला शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं रचनात्मक चिंतन को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर निखारा जा सकता है।

आयोजन में दावड़ा इंटरनेशनल स्कूल अभनपुर के प्राचार्य लेखराज साहू, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश साहू, बीआरसीसी राजशेखर साहू, नोडल अधिकारी डिगेश्वर प्रसाद साहू एवं सहायक नोडल अधिकारी हेमन्त कुमार साहू की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मूल्यांकन के लिए विभिन्न विधाओं में निर्णायक के रूप में धनेश ध्रुव, रामखिलावन साहू, प्रतिभा गुप्ता, भारत लाल साहू, लुनेश कुमार वर्मा, राज्यश्री साहू, तामेश्वर जांगड़े, डॉ. चंचलबाला साहू, स्निधा सिंह, धीलेश्वरी साहू, प्रेमलता साहू, बसंत दीवान, कंचनलता यादव, लोकेश कुमार साहू एवं अशोक निषाद ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए बड़ी संख्या में मार्गदर्शक शिक्षक एवं प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों को बेहतर बनाने में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हेमन्त कुमार साहू ने किया।

कला उत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे की कला, संस्कृति एवं रचनात्मक विचारों को समझने और सीखने का अवसर प्रदान किया। इस प्रकार का आयोजन विद्यालयी शिक्षा को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़ाकर अनुभवात्मक, आनंददायी एवं बहुआयामी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कला उत्सव का संदेश स्पष्ट रहा - हर विद्यार्थी में एक कलाकार छिपा है, आवश्यकता है उसे पहचानने, प्रोत्साहित करने और अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के लिए उचित मंच प्रदान करने की।