महासमुंद में यूथ रेडक्रॉस उपसमिति की अहम बैठक, सदस्यता अभियान से लेकर आपदा प्रबंधन तक की बनी कार्ययोजना - sanskar.live

LIVE KHABAR UPDATE

🔴 LIVE KHABAR
00:00:00
● ताजा खबरें — पल-पल का लाइव अपडेट● Sanskar News — आपके क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण खबर● ब्रेकिंग न्यूज और स्थानीय समाचार लगातार अपडेट
Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

सितंबर 13, 2026

महासमुंद में यूथ रेडक्रॉस उपसमिति की अहम बैठक, सदस्यता अभियान से लेकर आपदा प्रबंधन तक की बनी कार्ययोजना

 *युवाओं में सेवा, नेतृत्व और आपदा में त्वरित प्रतिक्रिया की भावना विकसित करेगा यूथ रेडक्रॉस - संदीप दीवान*


*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय, महासमुंद में शनिवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला महासमुंद की यूथ रेडक्रॉस उपसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लीड कॉलेज शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. करुणा दुबे ने की।

बैठक में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी महासमुंद के सभापति संदीप दीवान, यूथ रेडक्रॉस सभापति माधव राव टकसाले, जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी, प्रबंध समिति सदस्य अभिषेक पांडेय, शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शीलभद्र कुमार, सहायक जिला रेडक्रॉस अधिकारी डॉ. श्वेतलाना नागल, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जगदीश सत्यम तथा इंडियन कॉलेज ऑफ एजुकेशन की सहायक प्राध्यापक लुकेश्वरी साहू सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए सभापति संदीप दीवान ने कहा कि यूथ रेडक्रॉस केवल सेवा गतिविधियों का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में मानवीय संवेदना, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और आपदा के समय प्रभावी प्रतिक्रिया की भावना विकसित करने का सबसे महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 में जिले के अधिकाधिक महाविद्यालयों एवं युवाओं को रेडक्रॉस की गतिविधियों से जोड़ते हुए सेवा कार्यों का विस्तार किया जाएगा।

*सदस्यता अभियान पर जोर*

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता बढ़ाने के लिए गहन एवं व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत महाविद्यालयों, युवाओं, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों को रेडक्रॉस के मानवीय सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता एवं संपर्क अभियान संचालित किया जाएगा।

*नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत पर चर्चा*

नेपाल में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत एवं मानवीय सहायता के उद्देश्य से भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तथा यूथ रेडक्रॉस स्वयंसेवकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और राहत कार्यों में युवाओं की सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया।

*प्रशिक्षण शिविरों की घोषणा*

यूथ रेडक्रॉस इकाइयों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए दो बड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किए गए हैं। सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में रेडक्रॉस काउंसलर्स हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में यूथ रेडक्रॉस वालंटियर्स के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। इस शिविर के लिए चंडी मंदिर परिसर बिरकोनी एवं अम्बेडकर मंगल भवन महासमुंद में से स्थान तय करने हेतु एक कमेटी गठित की गई है। इस प्रशिक्षण में जिले के समस्त महाविद्यालयों से अधिक से अधिक वालंटियर्स शामिल होंगे। प्रशिक्षण में नेतृत्व विकास, प्राथमिक उपचार, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया तथा सामुदायिक सेवा जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा।

*तीन दिवसीय आपदा प्रबंधन शिविर*

महासमुंद में अंतर-महाविद्यालयीन तीन दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के लिए आयोजित करने की कार्ययोजना भी बनाई गई है। इसके साथ ही यूथ रेडक्रॉस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों में नेतृत्व, साहस, अनुशासन, टीम भावना तथा आपदा परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से अंतरराज्यीय हाइकिंग एवं एडवेंचर क्लब की गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026-27 के दौरान महासमुंद शहर के साथ-साथ ग्रामों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रेडक्रॉस आधारित जनजागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, रक्तदान, अंगदान, आपदा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा मानवीय सेवा जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक का उद्देश्य जिले में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को अधिक संगठित, व्यापक एवं जनसहभागिता आधारित बनाना तथा युवा रेडक्रॉस के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक मानवीय सेवा का संदेश पहुंचाना रहा।

बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग:*

डॉ. करुणा दुबे, संदीप दीवान, माधव राव टकसाले, डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी, अभिषेक पांडेय, डॉ. शीलभद्र कुमार, डॉ. श्वेतलाना नागल, डॉ. जगदीश सत्यम, लुकेश्वरी साहू