*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर।* जिले के पिथौरा विकासखंड की शिक्षिका ने राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला सांकरा (जोंक) में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती खेमलता प्रधान को प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय मदर टेरेसा सम्मान से नवाजा गया है।
यह सम्मान उन्हें शिक्षा, विज्ञान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ द्वारा 20 सितंबर 2026 को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन अकादमिक भवन, राखी मोड़, कुरूद, जिला धमतरी में राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में प्रदेशभर से शिक्षा, विज्ञान, पर्यावरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 100 उत्कृष्ट प्रतिभाओं, 50 विज्ञान संचारकों और 20 खोजी विद्यार्थियों का चयन किया गया। महासमुंद जिले से खेमलता प्रधान का चयन इस सम्मान के लिए हुआ है।
सम्मान मिलने पर श्रीमती प्रधान ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई जिम्मेदारी और प्रेरणा है। वह शिक्षा के माध्यम से वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।


