सेवा संकल्प अभियान के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
चयनित विजेताओं को मिलेगा 10 लाख रुपये का पुरस्कार
महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर*/ जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज गतिविधि का आयोजन किया जा रहा है। नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने आयोजित इस गतिविधि में जिले के स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, युवा एवं अन्य आम नागरिक अपने अभिनव विचारों के साथ राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज वेबसाइट https://sevainnovationchallenge.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज की गतिविधियों के संचालन के लिए वाणिज्य एवं उद्योग विभाग को जिला नोडल विभाग नियुक्त किया गया है। वहीं उच्च शिक्षा विभाग एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को सहयोगी एवं समन्वय विभाग के रूप में नामांकित किया गया है।
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य को महाराष्ट्र जोन के अंतर्गत रखा गया है। चैलेंज में निर्धारित 10 सेक्टर में से किसी भी विषय से संबंधित अपने नवाचार आइडिया के साथ विद्यार्थी एवं आम नागरिक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत नवाचारों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। चयनित विजेताओं को 10 लाख रुपए तक की पुरस्कार राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। महाराष्ट्र जोन के लिए कुल 50 करोड़ रुपए की राशि पुरस्कार के रूप में वितरित की जाएगी।
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, महासमुंद से संपर्क किया जा सकता है। इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 7587724731, 9174025266 एवं 7987379574 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
