शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत - न्यायालय का संदेश, मेगा ड्राइव फेस-वन अभियान के तहत हुआ वितरण
*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* ग्राम सिरपुर स्थित कमार पारा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महासमुंद न्यायालय के न्यायाधीशों द्वारा जरूरतमंद स्कूली बच्चों को स्कूली बैग वितरित किए गए। प्राधिकरण की सचिव आफरीन बानो ने बच्चों को बैग बांटे। बैग पाते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
डोर-टू-डोर अभियान के दौरान कमार पारा के बच्चों की स्थिति सामने आई थी, जिसके बाद न्यायाधीशों ने स्वयं के खर्च से बैग खरीदकर भिजवाए।
इस अवसर पर प्राधिकरण सचिव आफरीन बानो ने कहा कि *"25 अगस्त से सिरपुर में मेगा ड्राइव फेस-वन अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें दो अधिकार मित्रों द्वारा डोर-टू-डोर जाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। भ्रमण के दौरान पता चला कि कमार पारा के कई बच्चों के पास स्कूल बैग नहीं है, जिससे उनकी किताबें खराब हो रही हैं। इसकी जानकारी महासमुंद न्यायालय के न्यायाधीशों को दी गई, तो उन्होंने तुरंत स्वयं के खर्च से बैग उपलब्ध कराए।"*
उन्होंने आगे कहा कि *"शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। इस तरह के छोटे-छोटे सहयोग से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है और उनका हौसला बढ़ता है। अब ये बच्चे अपना बैग लेकर खुशी-खुशी स्कूल जा सकेंगे और उनकी किताबें, कॉपियां और पेंसिल सुरक्षित रहेंगी।"*
गौरतलब है कि प्राधिकरण द्वारा गांव में बैनर-पम्पलेट के माध्यम से जागरूकता और समस्याओं के आवेदन संबंधित विभागों में भेजने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

