संभाग स्तरीय राज्य पुरस्कार जांच शिविर का महाज्वाल शिविर सम्पन्न
महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रायपुर संभाग स्तरीय राज्य पुरस्कार जांच शिविर 23 से 27 अगस्त तक महासमुंद में आयोजित किया गया। शिविर की अंतिम संध्या पर आयोजित महाज्वाल शिविर (ग्रेट कैम्प फायर) में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा और जिला मुख्य आयुक्त व अध्यक्ष बीज निगम चंद्रहास चंद्राकर शामिल हुए।
महाज्वाल शिविर का शुभारंभ अतिथियों के परिचय एवं स्कार्फ से स्वागत के बाद चार दिशाओं से गाइड्स द्वारा विभिन्न संदेशों के साथ मशाल लाकर अतिथियों के करकमलों से महाज्वाल प्रज्ज्वलित कर शिविर गान के साथ किया गया।
शिविर संचालक जलवती साहू ने प्रतिवेदन वाचन करते हुए बताया कि इस राज्य पुरस्कार जांच शिविर में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से 215 गाइड्स, 10 परीक्षा संचालक मंडल, 5 जिला प्रभारी गाइडर और 12 सर्विस रोवर-रेंजर सहित कुल 250 प्रतिभागी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गाइड्स प्रथम, द्वितीय, तृतीय सोपान जांच शिविर के बाद राज्य पुरस्कार जांच के लिए पात्र होते हैं। 5 दिवसीय शिविर में निर्धारित पाठ्यक्रम को पूर्ण कराकर परीक्षा मंडल के सदस्यों द्वारा लिखित, प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षा ली जा रही है। गाइड्स सुबह 5 बजे जागरण से लेकर रात्रि 10 बजे शयन तक रोजाना जांच प्रक्रिया से गुजर रही हैं। राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद इन गाइड्स को वार्षिक परीक्षा में 10 अंक का बोनस अंक दिया जाता है, साथ ही विभिन्न शासकीय नौकरियों में भी 10 अंक का लाभ मिलता है।
शिविर में रूपांशी चंद्राकर और हंसिका साहू ने अपना कैम्प अनुभव अतिथियों के साथ साझा किया। शिविरार्थी गाइड्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में पंडवानी, भरथरी, करमा नृत्य और देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी गई।
*अतिथियों ने दिया प्रेरक उद्बोधन*
जिला उपाध्यक्ष एस. चंद्रसेन ने गाइड्स को बधाई देते हुए कहा कि अलग-अलग जगहों से आकर तमाम असुविधाओं के बावजूद परीक्षा दे रही हैं, यह अनुभव भविष्य में काम आएगा। अध्यक्ष बीज निगम चंद्रहास चंद्राकर ने छोटी-छोटी कहानियों के माध्यम से गाइड्स को प्रेरित कर निरंतर प्रयास करते रहने की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय संघ उपाध्यक्ष मनीष शर्मा ने अपने स्काउटिंग जीवन को याद करते हुए प्रेरित किया। जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि राज्य मुख्यालय ने यह शिविर महासमुंद में आयोजित कर हमें सेवा का अवसर दिया है, इसके लिए धन्यवाद। सभी गाइड्स बहुत अनुशासित रही हैं और परिणाम बेहतर होगा।
राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से गाइड्स यहां जांच शिविर में शामिल हुई हैं। आप सभी स्काउट-गाइड के क्रीम बच्चे हो, इससे पहले भी विभिन्न सोपान तय कर चुकी हो इसलिए परिणाम बेहतर ही होगा। मेरे राज्य टीम के सदस्य परीक्षक मंडल की मेहनत और समर्पण इन बच्चों का भविष्य गढ़ेगा।
समारोह में अतिथियों के करकमलों से परीक्षक मंडल को थैंक्स लेटर व सर्विस रोवर-रेंजर को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन मुख्य परीक्षक लीना वर्मा ने किया तथा कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य गढ़सिवनी तुलेन्द्र सागर ने किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुधा साहू, आनंद साहू, स्थानीय संघ उपाध्यक्ष शुभ्रा शर्मा, जिला मुख्यालय आयुक्त रामकुमार साहू, वरिष्ठ गाइडर मधु तिवारी, शोभा दीवान, परीक्षक मंडल से माधुरी यादव, शाहिना परवीन, रश्मि तिवारी, पूर्णिमा भट्टाचार्य, डोलेश्वरी साहू, प्रभारी मेघना निषाद, जिला सचिव प्रमोद कन्नौजे, जिला संयुक्त सचिव अर्चना तिवारी, डीओसी गाइड लीनू चंद्राकर, डीओसी स्काउट शत्रुहन साहू, जिला गाइडर तामेश्वरी साहू, पूरी हरपाल, चंद्रकांता महिलवार, ब्लॉक सचिव पिथौरा झनेश साहू, दिलीप निषाद सहित सर्विस रोवर-रेंजर उपस्थित थे।


.jpeg)