सांसद रूपकुमारी और विधायक डॉ. संपत ने किया शहीद स्मारक का लोकार्पण
बसना संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर*। प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में आज 27वें कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर बसना के दशहरा मैदान में शहीद स्मारक अनावरण एवं लोकार्पण समारोह का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सर्वप्रथम भारत माता, क्षेत्र के अमर शहीद योगेश्वर दास एवं शहीद डॉ. मेजर गगनदीप सिंह भाटिया के तैलचित्र/चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी एवं ध्वजारोहण किया ।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अग्रवाल ने पूर्व सैनिकों एवं वीर शहीदों के पूजनीय परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि आज का यह अवसर केवल एक शहीद स्मारक के लोकार्पण का नहीं, बल्कि उन अमर वीरों के चरणों में अपनी श्रद्धा, कृतज्ञता और सम्मान अर्पित करने का पावन अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में गर्व से जीवन जी रहे हैं। मैं अमर शहीद योगेश्वर दास जी, डॉ. मेजर गगनदीप सिंह भाटिया जी तथा भारत माता के उन सभी अमर वीर सपूतों को कोटि-कोटि नमन करता हूँ, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर तिरंगे की शान को सदैव ऊँचा रखा।
उन्होंने आगे कहा कि यह शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, त्याग और वीरता का पवित्र तीर्थ बने रहेगा। यहाँ आने वाला प्रत्येक नागरिक अपने वीरों के प्रति सम्मान और देश सेवा का संकल्प लेकर जाएगा।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पूर्व सैनिक संघ फुलझर अंचल, शहीद स्मारक निर्माण समिति, दानदाताओं, श्रमदान करने वाले साथियों और क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया जिनके प्रयासों से बसना की धरती पर यह प्रेरणा-स्थल आकार ले सका।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित जनसमूह को शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया तथा भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।
इस अवसर पर भारतीय नौसेना एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, ऑफसेटिंग डायरेक्टर राज्य सैनिक बोर्ड छत्तीसगढ़ लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र कुमार देवांगन, शहीद गगनदीप जी की धर्मपत्नी डॉ महेंद्र कौर,बसना नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल,पूर्व सैनिक फुलझर अंचल अध्यक्ष महेंद्र नाथ कैवर्त,शहीद गगनदीप भाटिया परिजन नरेंद्र सिंह, कमांडेंट ITBP खरोरा पुनीत भगत,पिता गगनदीप सिंह भाटिया नगेंद्र सिंह,अध्यक्ष जनपद पंचायत पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे,पूर्व अध्यक्ष मेडिकल एसोशिएशन हरदीप सिंह,पूर्व सैनिक वेणुधर साहू , विशिष्ट अतिथि वेदप्रकाश साहू, कर्नल राजकुमार, नासीर अली, हरदेव पाल,रविंदर सिंह,मंच संचालक लेफ्टिनेंट एस के शुक्ला सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
योगेश्वर दास और डॉ. मेजर गगनदीप भाटिया की स्मृति में बना स्मारक, शहीद परिवारों को किया गया सम्मानित
via Blogger https://www.sanskar.live/2026/07/blog-post_26.html
2026-07-26T18:37:46+05:30





.jpeg)