पिथौरा समिति के सदस्य और शहीद परिवार हुए सम्मानित, दोनों समितियों ने किया एक-दूसरे का सम्मान
पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर / कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बसना के पी.पी. रोड स्थित दशहरा मैदान में क्षेत्र के अमर शहीदों की स्मृति में बने भव्य 'शहीद स्मारक' का लोकार्पण समारोह गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर स्मारक का अनावरण किया और भारत माता, अमर शहीद योगेश्वर दास एवं डॉ. मेजर गगनदीप सिंह भाटिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर शहीद स्मारक समिति बसना के आयोजन में शहीद स्मारक समिति पिथौरा के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों में अमर शहीद विवेकानंद त्रिपाठी की धर्मपत्नी वीरवधु श्रीमती अहिल्या त्रिपाठी, अमर शहीद प्रमोद पटेल के पिता श्री बृजलाल पटेल, अमर शहीद कमलेश सोनवानी के पिता श्री रामेश्वर सोनवानी सहित समिति के वरिष्ठ सदस्य ठाकुर अनंत सिंह वर्मा, रितेश महंती, दिनेश साहू, सुरेश ठाकुर, सुरेंद्र सलूजा, एफ. ए. नंद, डोलामणि साहू, श्रीमती सरोज साहू, अमरप्रीत छाबड़ा, शुभम अग्रवाल, इंद्रजीत सिन्हा, राजीव तिवारी, आरती कालसा, सविता जलक्षत्रिय, विकास अग्रवाल, अरुण देवता तथा मीडिया प्रभारी गौरव चंद्राकर एवं संतोष गुप्ता सादर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद एवं विधायक ने शहीदों के परिजनों, पूर्व सैनिकों के साथ-साथ शहीद स्मारक क्षेत्र पिथौरा से जुड़े शहीद परिवारों और शहीद स्मारक समिति पिथौरा के सदस्यों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
वहीं शहीद स्मारक समिति पिथौरा के सदस्यों ने भी शहीद स्मारक समिति बसना के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना की।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि "यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति और वीरता का पवित्र तीर्थ बनेगा।" सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि "शहीदों के बलिदान से ही आज हम गर्व से जी रहे हैं।"
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र कुमार देवांगन, शहीद गगनदीप भाटिया की धर्मपत्नी डॉ. महेंद्र कौर, नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन लेफ्टिनेंट एस. के. शुक्ला ने किया।




.jpeg)