सौरभ राज सिंह दीवान ने निभाई 'छेरा पहरा' की रस्म, 20 गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु_
पिथौरा भुरकोनी संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर/ आषाढ़ शुक्ल नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को ग्राम भुरकोनी में दीवान परिवार द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। पुरी धाम की परंपरा पर आधारित इस आयोजन में आसपास के लगभग 20 गांवों से करीब एक हजार श्रद्धालु शामिल हुए।
रथ यात्रा का शुभारंभ सरिता राज सिंह दीवान के निवास से हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के बाद विधि-विधान से रथ को रवाना किया गया।
'छेरा पहरा' की रस्म ने बांधा सबका मन*
पुरी की विश्व प्रसिद्ध परंपरा के अनुरूप दीवान परिवार के *सौरभ राज सिंह दीवान* ने रथ मार्ग पर झाड़ू लगाकर *'छेरा पहरा'* की रस्म निभाई। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा को रथ पर विराजमान कर यात्रा प्रारंभ की गई।
*जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र*
फूलों और रंग-बिरंगी पताकाओं से सजे रथ के साथ "जय जगन्नाथ", "जय बलभद्र", "जय सुभद्रा" के जयघोष गूंजते रहे। रथ गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और प्रसाद वितरित किया। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने श्रद्धापूर्वक रथ की रस्सी खींची। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय रहा।
*20 गांवों से उमड़ी भीड़*
भुरकोनी सहित आसपास के करीब 20 गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। लगभग एक हजार लोगों ने भगवान के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में दीवान परिवार और ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। अंत में महाआरती, महाप्रसाद वितरण और विश्व कल्याण की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


.jpeg)