*पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर /सनातन परंपरा में गुरु-शिष्य परंपरा के प्रतीक आषाढ़ शुक्ल व्यास पूर्णिमा का पर्व इस वर्ष श्री थानेश्वर मंदिर पिथौरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण, आदि गुरु वेदव्यास जी का पूजन और समाजसेवियों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
श्री थानेश्वर मंदिर सेवा समिति के सचिव श्यामलाल पटेल एवं पुजारी महाराज कृष्ण कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार 29 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस दिन बड़ी संख्या में छायादार और फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
इसके पश्चात संध्या 7 बजे आदि गुरु वेदव्यास जी के विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। व्यास पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है। इस दिन शिष्य अपने गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। पूजन के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों के रूप में समाजसेवी श्री रामललन सिंह और श्री खिलावन साहू का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष सम्मान किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर में होने वाले इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सभी धर्म प्रेमी, श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक सादर आमंत्रित हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
मंदिर समिति की पदाधिकारी ने सभी से अपील की है कि वे समय पर मंदिर पहुंचकर इस पुण्य अवसर का लाभ लें।


.jpeg)