भूगोल, गणित, हिंदी और भौतिक विज्ञान के शिक्षकों की नियुक्ति की मांग वर्षों से लंबित, स्कूल प्रबंधन समिति ने कई बार सौंपा ज्ञापन*
पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर/पिथौरा विकासखंड शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के भुरकोनी में वर्ष 2014 से अब तक भूगोल, गणित, हिंदी और भौतिक विज्ञान जैसे चार महत्वपूर्ण विषयों के नियमित शिक्षक पदस्थ नहीं किए गए हैं*। शिक्षकों की इस भारी कमी के कारण यहां पढ़ने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों का भविष्य भी दांव पर लगा हुआ है।
*ज्ञापन पर सिर्फ आश्वासन*
स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने इन विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति के लिए *शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन* सौंपा है। लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिलता रहा, जबकि जमीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है।
*गरीब छात्र सबसे ज्यादा प्रभावित*
ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि चार प्रमुख विषयों के शिक्षक नहीं होने से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। मजबूरी में कई विद्यार्थियों को *निजी ट्यूशन का सहारा* लेना पड़ रहा है। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे ट्यूशन का खर्च नहीं उठा पाने के कारण पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं।
*आंदोलन की चेतावनी*
स्कूल प्रबंधन समिति ने चेतावनी दी है कि *यदि शीघ्र ही चारों विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो छात्र-छात्राएं आंदोलन और हड़ताल* करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि *विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए शासन-प्रशासन तत्काल भूगोल, गणित, हिंदी और भौतिक विज्ञान के नियमित शिक्षकों की पदस्थापना* सुनिश्चित करे, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

.jpeg)