प्रधान पाठकों का प्रशिक्षण जारी लक्ष्य की प्राप्ति तक प्रयास करते रहें -अशोक शर्मा पिथौरा
पिथौरा संस्कार न्यूज़/ शाला प्रबंध समिति एवं समुदाय के साथ मिलकर कार्य करने से विद्यालय प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। प्रधान पाठकों को पब्लिक से रिलेशन बनाना होगा तथा शाला की विभिन्न समस्याओं से जूझते हुए कार्य योजना तैयार कर लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रयास करते रहे तभी हम अपने उद्देश्यों में सफल होंगे।उक्तताशय की बातें अशोक शर्मा जिला मिशन समन्वयक महासमुंद ने पिथौरा के पूर्व माध्यमिक कन्या अंग्रेजी माध्यम स्कूल में प्रधान पाठकों के प्रथम चरण पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही।
डाइट महासमुन्द से पधारे व्याख्याता टेकराम सेन ने प्रधान पाठकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के विकास के लिए प्रबंधन समिति तथा समुदाय का विशेष सहयोग जरूरी है ।इसलिए प्रधान पाठक सभी के साथ से सामंजस्य स्थापित कर राष्ट्र के लिए नवनिर्माण करें ।
जिला क्रीड़ा अधिकारी नेहा बजाज व सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल ने भी प्रधान पाठकों को संबोधित किया। मास्टर ट्रेनर के रूप में ब्लाक रिसोर्स ग्रुप से छबिराम पटेल, माधव कुमार साहू, डीगम लाल साहू, हेमलता साहू ,लेख राम साहू ने बच्चों के अधिगम स्तर को प्रभावित करने वाले कारकों, बच्चों के सौ फीसदी शाला दाखिला में शाला प्रबंधन समिति की भूमिका, शाला में छात्र-छात्राओं के ठहराव हेतु आवश्यक दिशा निर्देश जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी । बरेकेल खुर्द स्कूल के प्रधान पाठक अंतर्यामी प्रधान ने प्रशिक्षण को मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम के मध्य समय -समय पर मैजिक ट्रिक्स दिखाएं जिसे सभी ने सराहा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस के फीडबैक राधेश्याम पटेल , श्रीमती उर्वशी पटेल, डोला मणिसाहू ,उमाशंकर कैवर्त ने पेश किया । प्रधान पाठक रोहणी देवांगन,हेमन्त खुटे ने एसएमसी सदस्यों के माध्यम से शाला की समस्याओं का निराकरण कैसे करें इस विषय पर अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में महासमुंद से अवलोकन करने आए सभी पदाधिकारियों का पिथौरा बी आर सी सी अतुल प्रधान ने आभार माना।