/पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट /जोंक नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद लापता बाइक सवार भागीरथी साहू की तलाश के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। NDRF की रेस्क्यू टीम द्वारा नदी के तेज बहाव और आसपास के क्षेत्रों में निरंतर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इस संवेदनशील स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बसना विधानसभा के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल आज सुबह सांकरा स्थित दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
दुर्घटना स्थल पर मौजूद रहकर विधायक डॉ. अग्रवाल ने NDRF की रेस्क्यू टीम, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से वर्तमान ऑपरेशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रेस्क्यू टीम को पूरी तत्परता, आधुनिक संसाधनों और तेज गति के साथ खोज अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और संभावित क्षेत्रों में गहराई से तलाश की जाए।
*हर जीवन कीमती है, ईश्वर से प्रार्थना भागीरथी जी शीघ्र सकुशल मिलें - विधायक*
रेस्क्यू ऑपरेशन के निरीक्षण के बाद विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने लापता भागीरथी साहू के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा शासन-प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है। हर जीवन कीमती है, ईश्वर से प्रार्थना है कि भागीरथी जी शीघ्र सकुशल मिलें।
विधायक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि लापता भागीरथी की खोज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और पीड़ित परिवार को हर प्रकार की आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति एकजुटता बनाए रखने और प्रार्थना करने की अपील की।


