पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट /गौरव शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय IGNITE पिथौरा में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) द्वारा शिक्षक दिवस सह शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रधान पाठक आदरणीय श्री नरेश कुमार नायक रहे। अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक एवं प्राथमिक शाला SMC अध्यक्ष मोहितराम सिन्हा और माध्यमिक शाला अध्यक्ष बोधराम पटेल ने की। विशेष अतिथि के रूप में संकुल समन्वयक खगेश्वर डड़सेना एवं युवा वैज्ञानिक-पत्रकार गौरव चंद्राकर उपस्थित रहे।
अतिथियों ने दिया प्रेरणादायी उद्बोधन*
मुख्य अतिथि नरेश कुमार नायक ने शिक्षकों को कर्तव्यों का बोध कराते हुए अपने परिवार का उदाहरण देकर विद्यार्थियों को तल्लीनता से पढ़ने के लिए प्रेरित किया। मोहितराम सिन्हा ने कबीर के दोहे के माध्यम से गुरु-शिष्य के आत्मीय संबंधों पर प्रकाश डाला।
संकुल समन्वयक खगेश्वर डड़सेना ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए शानदार आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और शिक्षकों को मर्यादित एवं विभागीय नियमों के अनुसार कर्तव्य निर्वहन की बात कही।
विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति*
बाल कैबिनेट प्रमुख लक्ष्य गौतम ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन वृतांत और शिक्षक दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने गीत, कविता और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन छात्राओं कंचन पटेल एवं संध्या ठाकुर ने किया।
*शिक्षकों का हुआ सम्मान*
प्रभारी प्रधान पाठक पुष्पकांत साहू ने शिक्षक की गरिमा पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ शिक्षिका मनमीत कौर खनूजा, गुरप्रीत कौर नामदेव और वेदेश्वर प्रसाद जोशी ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान SMC द्वारा सभी शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कौशल, निष्ठा और समर्पण के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक योगेश कुमार यदु ने किया। इस अवसर पर जयंती पटेल, अंशु अवस्थी, सूर्यकांत कोसरिया सहित बड़ी संख्या में पालक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।







