अंबिकापुर अग्रकुंभ में दिखी समाज की एकता, पिथौरा अध्यक्ष ने कहा - महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत
देखें विडियो
पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट /महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासन द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के निर्णय से अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल है। अग्रवाल समाज पिथौरा के अध्यक्ष वेद प्रकाश गोयल ने इस निर्णय के लिए माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
पिथौरा अग्रवाल समाज के अध्यक्ष वेद प्रकाश गोयल ने कहा कि, "अग्रसेन जयंती पर अवकाश की घोषणा केवल एक छुट्टी नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं और आस्था का सम्मान है। इस निर्णय से समाज के सभी वर्गों को महाराजा अग्रसेन की जयंती को श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाने का अवसर मिलेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि, "महाराजा अग्रसेन का जीवन हमें सेवा, सहयोग, समानता और परोपकार का संदेश देता है। उन्होंने एक रुपया और एक ईंट की अवधारणा से समाजवाद और सहयोग की मिसाल पेश की थी। उनके आदर्श आज भी हमारे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अवकाश घोषित होने से हमारी नई पीढ़ी भी उनके विचारों और सिद्धांतों से और अधिक गहराई से जुड़ पाएगी।"
अपने बयान में वेद प्रकाश गोयल ने जानकारी दी कि वे हाल ही में अंबिकापुर में आयोजित ऐतिहासिक अग्रकुंभ कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए थे। उन्होंने बताया, "अंबिकापुर अग्रकुंभ में प्रदेशभर से अग्रबंधुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। वहां समाज की एकता, सेवा कार्यों, व्यापार, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। यह आयोजन समाज को एक नई दिशा देने वाला रहा।"
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, "अग्रसेन जयंती पर अवकाश घोषित करने के लिए मैं अग्रवाल समाज पिथौरा की ओर से माननीय मुख्यमंत्री का हृदय से बहुत-बहुत धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूं। शासन का यह निर्णय निश्चित रूप से सराहनीय है।"
