रामचरितमानस के माध्यम से समाज को संस्कार और सद्भाव का संदेश, 10 मानस मंडलियों ने दी मनमोहक प्रस्तुति*
बसना संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* विकासखंड बसना के ग्राम बम्हनीडीह में रविवार को विकासखंड स्तरीय गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह भव्यता के साथ मनाया गया। छत्तीसगढ़ राज्य मानस संगठन, युवा रामायण समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे दिन राम नाम की गूंज रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल रहीं, अध्यक्षता कृषि सभापति श्रीमती देवकी दीवान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मानस संगठन के जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार चौहान, पूर्व कलेक्टर के.एल. चौहान, गौटिया रत्थूराम दीवान, प्राचार्य मनोहर दीवान, भोगसिंह दीवान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद शुरू हुए मानस गान में लोहड़ीपुर, नौगेड़ी, पुरुषोत्तमपुर, दर्राभाठा, कुरमाडीह, सरायपाली, भंवरपुर, जमनीडीह, बिरनडबरी और बीरकोल की मानस मंडलियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। रामचरितमानस की चौपाइयों पर श्रद्धालु झूम उठे।
मुख्य अतिथि मोगरा पटेल ने कहा कि संत तुलसीदास ने सरल भाषा में रामचरितमानस लिखकर राम के आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाया। यह ग्रंथ आज भी हमें सत्य और मर्यादा की राह दिखाता है। श्रीमती देवकी दीवान ने कहा कि तुलसी के साहित्य ने समाज को प्रेम, त्याग और भाईचारे का संदेश दिया।
मंच संचालन शिक्षक नंदकुमार चौहान ने किया। आभार प्रदर्शन शैलेन्द्र चौहान ने किया। आयोजन में लहाराम कर्ष, संतराम निषाद, आत्माराम सिदार और नंदन साव का विशेष सहयोग रहा।



