पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट ।* शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवानी में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 74 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम जनपद पंचायत पिथौरा की अध्यक्ष श्रीमती उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, सभापति कंवलजीत सिंह छाबड़ा, सरपंच सांकरा सतपाल सिंह छाबड़ा, सुरेश देवता, उद्धव खम्हारी, कविताराम चौधरी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष प्रमोद प्रधान सहित सदस्य भरत प्रधान, ब्रजेश प्रधान, मनराखन भोई, जयदेव मिर्धा, संजय साहू, श्वेतांबर प्रधान, दिनेश भोई, मखियार पटेल, मोहनलाल साहू मंचस्थ थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती उषा धृतलहरे एवं अन्य अतिथियों के करकमलों से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पूजन से हुआ। छात्राओं लिपि, वंदना एवं पूनम ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। शिक्षक राजन पटेल द्वारा निर्देशित छत्तीसगढ़ी नृत्य, शिक्षिका नेहा महिलाने द्वारा हेल्थ केयर पर आधारित नृत्य तथा व्याख्याता राजेंद्र पंडा द्वारा कृष्ण-सुदामा गीत नाट्य का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा।
*प्राचार्य ने रखा प्रतिवेदन, राज्य स्तरीय खिलाड़ी सम्मानित -* प्राचार्य प्रशांत निर्मलकर ने विद्यालय की उपलब्धियों व आवश्यकताओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि द्वारा राज्य स्तरीय शतरंज खिलाड़ी प्राची तांडी एवं इशिका भोई को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि उषा धृतलहरे ने कहा - बेटियां हर क्षेत्र में आगे -* अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती उषा धृतलहरे ने कहा कि हमारी बेटियां अब किसी से कम नहीं हैं, समाज जीवन के हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर शामिल हो रही हैं और सफल भी हो रही हैं। उन्होंने छात्राओं से माता-पिता एवं गुरुओं का सम्मान करते हुए नियमित स्कूल आने की अपील की। उन्होंने विद्यालय में शौचालय तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि कंवलजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा होती है। पुरुषोत्तम धृतलहरे ने कहा कि दी गई साइकिल का सदुपयोग कर विद्या अर्जन करें। सतपाल सिंह छाबड़ा ने श्रेष्ठ शिक्षकों का उदाहरण देकर प्रेरित किया।
अंत में सभी 74 पात्र छात्राओं को अतिथियों द्वारा साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों, स्काउट एवं रेडक्रॉस के विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन व्याख्याता वशिष्ठ प्रधान एवं आभार प्रदर्शन व्याख्याता अखिलेश कर ने किया।

