*पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* पिथौरा की हृदय स्थल में स्थित शहीद स्मारक में शहीद स्मारक सेवा समिति के तत्वावधान में अंचल के अमर शहीद घनश्याम कन्नौज के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
समिति की परंपरा अनुसार जिले के समस्त शहीद जवानों के शहादत दिवस पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ 2 मिनट का मौन धारण कर विनम्र श्रद्धांजलि दी जाती है। इसी क्रम में मंगलवार को बिरकोनी निवासी अमर शहीद घनश्याम कन्नौज के शहादत दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक सेवा समिति के आमंत्रण पर अमर शहीद प्रमोद पटेल के सम्माननीय पिता बृजराम पटेल के कर कमलों से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात समिति के सदस्यों सहित उपस्थित सभी देशभक्तों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर शहीद स्मारक सेवा समिति के सक्रिय सदस्य कौशल किशोर साहू, दिनेश कुमार साहू, सुरेंद्र सलूजा, अमरप्रीत छाबड़ा, किशोर नायक, रमेश सोनी, आरती कलसा, सविता जलछतरी सहित बड़ी संख्या में समिति के देशभक्त उपस्थित रहे।
*शहीद स्मारक सेवा समिति* के पदाधिकारियों ने कहा कि शहीदों के बलिदान को याद रखने और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जगाने के उद्देश्य से समिति नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती है। समिति आगे भी शहीदों के परिवारों के सम्मान और शहीद स्मारक के संरक्षण के लिए कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में देश की एकता-अखंडता और शहीदों के सम्मान में प्रार्थना कर कार्यक्रम का समापन किया गया।



.jpeg)