*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर।* कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार एवं उप संचालक कृषि श्री फागूराम कश्यप के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा पिथौरा विकासखंड के कीटनाशी विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल ने राजा कृषि केन्द्र सांकरा, पटेल कृषि केन्द्र लाखागढ़ एवं मातृ कृषि सेवा केन्द्र टेका का निरीक्षण किया। जांच में संबंधित फर्मों द्वारा स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करना, अवसान तिथि समाप्त हो चुके कीटनाशक दवाओं को प्रतिष्ठान में रखना, मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करना तथा निर्धारित प्रोफार्मा के अनुसार कृषकों को बिल उपलब्ध नहीं कराने जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कीटनाशी अधिनियम, 1968 के तहत संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पांच दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के कीटनाशी लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में डॉ. परमजीत सिंह कंवर, सहायक संचालक कृषि, श्री बृजेश कुमार तुरकाने, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पिथौरा, श्री उमेश चंद्राकर, कृषि विकास अधिकारी महासमुंद तथा श्री ओमप्रकाश चंद्राकर एवं श्री भूषण साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शामिल थे।

.jpeg)