अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष के 4 पदों के लिए 295 मतदाता करेंगे मतदान
19 अगस्त से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया, 20 से 22 तक नामांकन, अग्रसेन भवन में होगा मतदान
*पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट/व्यापारी एकता मंच पिथौरा के चुनाव 2026 का विस्तृत कार्यक्रम निर्वाचन मंडल समिति द्वारा जारी कर दिया गया है। मंच के चार पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के लिए 30 अगस्त 2026 रविवार को मतदान संपन्न होगा। मतदान अग्रसेन भवन पिथौरा में प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतगणना एवं परिणाम की घोषणा उसी दिन अपरान्ह 4 बजे से की जाएगी।
*चुनाव कार्यक्रम घोषित*
निर्वाचन समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार चुनाव की प्रक्रिया 19 अगस्त 2026 बुधवार से प्रारंभ होगी। इस दिन मतदाता सूची का प्रकाशन अग्रसेन भवन पिथौरा के सूचना पटल पर एवं व्यापारी एकता मंच के अधिकृत व्हाट्सअप ग्रुप में किया जाएगा। नामांकन पत्रों का वितरण एवं जमा कार्य 20 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक श्रीजी हार्डवेयर, बागबहरा रोड पिथौरा में किया जाएगा। नामांकन पत्रों की जांच 22 अगस्त शनिवार को शाम 7 बजे होगी। अभ्यर्थी 23 अगस्त रविवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 23 अगस्त रविवार को शाम 5 बजे किया जाएगा।
295 मतदाता डालेंगे वोट*
चुनाव में कुल 295 मतदाता भाग लेंगे। मतदाता की पात्रता के संबंध में स्पष्ट किया गया है कि मंच में पंजीकृत फर्म के संचालक या सहसंचालक में से कोई एक व्यक्ति मतदान के लिए पात्र होगा। अभ्यर्थी के लिए मंच के पंजीकृत फर्म का संचालक होना अनिवार्य है। मतदाता सूची में जिन पंजीकृत फर्मों में केवल संचालक का नाम अंकित है, वे 22 अगस्त 2026 शनिवार तक उस फर्म के सहसंचालक का नाम निर्वाचन समिति के पास जुड़वा सकते हैं।
*नामांकन शुल्क और महत्वपूर्ण नियम*
अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुल्क 3000 रुपये एवं उपाध्यक्ष, सचिव तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए 2000 रुपये निर्धारित किया गया है। मतदान के दौरान मतदान केंद्र में प्रत्याशी का केवल एक प्रतिनिधि उपस्थित रह सकेगा। मतगणना के समय निर्वाचक मंडल के सदस्यों के अलावा केवल प्रत्याशी ही उपस्थित रहेंगे। मतदान हेतु मतदाता को अपना व्यापारी परिचय पत्र या मंच का प्रमाण पत्र या उसकी फोटो प्रति या आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
निर्वाचन समिति का कोई भी सदस्य चुनाव में अभ्यर्थी अथवा प्रतिनिधि नहीं बन सकेगा। यदि कोई सदस्य चुनाव में भाग लेना चाहता है तो उसे पहले निर्वाचन मंडल से त्यागपत्र देना होगा। व्यापारी एकता मंच के निर्वाचन कार्य का समस्त दायित्व एवं विवाद की स्थिति में अंतिम निर्णय का अधिकार निर्वाचन समिति के पास रहेगा।
*9 सदस्यीय निर्वाचन समिति गठित*
चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए 9 सदस्यीय निर्वाचन मंडल समिति का गठन किया गया है। समिति में श्री यशवंत छाबड़ा, श्री बजरंग अग्रवाल, श्री प्रेम सिन्हा, श्री नरेश सिंघल, श्री सुरेश बंसल, श्री राजिंदर खनुजा, श्री कलिका प्रजापति, श्री अनूप अग्रवाल एवं श्री कुलदीप अग्रवाल शामिल हैं। समिति ने समस्त व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपना नामांकन जमा करें एवं 30 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

.jpeg)