काम बंद कलम बंद" पर गए व्यावसायिक प्रशिक्षक
16 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार से लगाई गुहार, मानदेय भुगतान की मांग
कलेक्टर और डीईओ ने दिया आश्वासन, आयुक्त को लिखा जाएगा पत्र
महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट /छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा को संचालित करने वाले प्रशिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार 17 अगस्त को "काम बंद कलम बंद" आंदोलन किया। प्रदेशव्यापी संघ के आह्वान पर जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार से जल्द समाधान की गुहार लगाई है।
*1,285 स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा प्रभावित*
प्रदेश के करीब 1,285 सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों का आरोप है कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें अनियमित और सीमित मानदेय दिया जा रहा है। कई बार मानदेय तरसा-तरसा कर दिया जाता है। इससे वे गरीबी और कर्ज के जंजाल में फंसकर बेबसी भरा जीवन जीने को मजबूर हैं।
*ये हैं प्रमुख 16 सूत्रीय मांगें*
प्रशिक्षकों की प्रमुख मांगों में हरियाणा और दिल्ली की तर्ज पर 38 हजार 100 रुपये प्रतिमाह मानदेय और हर साल वेतन वृद्धि का प्रावधान शामिल है। इसके अलावा तृतीय पक्ष कंपनी व्यवस्था समाप्त कर विभागीय व्यवस्था में संविलियन, सेवा सुरक्षा और लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग की गई है।
PAB 2025-26 के अनुसार स्वीकृत 12 हजार रुपये एरियर्स का भुगतान भी लंबित बताया गया है। करीब 1,029 प्रशिक्षकों का मई-जून का मानदेय बकाया है। वहीं 121 हेल्थ केयर ट्रेड प्रशिक्षकों का मानदेय 23 हजार रुपये करने की मांग भी रखी गई है। प्रशिक्षकों ने नियमित नियुक्ति, अवकाश और समय पर भुगतान समेत सभी समस्याओं के समाधान की मांग की है।
*कलेक्टर और डीईओ ने दिया आश्वासन*
इस दौरान जिला कलेक्टर महोदय *विनय कुमार लंगेह* ने प्रशिक्षकों की समस्याओं को सुना और समय पर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने सैलरी इंक्रीमेंट और नवीन व्यावसायिक शिक्षक भर्ती के लिए आयुक्त को पत्र लिखने की बात कही।
वहीं महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ देवांगन* ने प्रशिक्षक संघ का ज्ञापन प्राप्त कर मांगों को रायपुर आयुक्त महोदय तक पहुंचाने और आवश्यक पत्र लेखन व परिचर्चा करने का आश्वासन दिया।
*संघ ने जताया आभार*
प्रांत मीडिया प्रभारी *दिलीप कुमार साहू*, प्रशिक्षक पीएम श्री आत्मानंद विद्यालय बसना एवं प्रांत कोषाध्यक्ष *हीरेश चंद्राकर* ने जिला कलेक्टर एवं डीईओ को आभार प्रकट किया।



.jpeg)