10वीं-12वीं के टॉपरों को किया गया सम्मानित, युवाओं से देशसेवा और सर्वांगीण विकास का आह्वान
*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर /महासमुंदविधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मंगलवार को अपने निज निवास में महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान-चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि *"शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है।"* उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज के लिए गौरव की बात है, क्योंकि यही विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।
विधायक श्री सिन्हा ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही विद्यार्थी सफलता के नए आयाम स्थापित करते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और उपस्थित शिक्षकों ने भी उनका मार्गदर्शन किया।
आज के विद्यार्थी देश के भविष्य*
विधायक ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, चिकित्सक, अभियंता, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनकर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर अध्ययन करने और माता-पिता, गुरुजनों और समाज का नाम रोशन करने का संकल्प लेने को कहा।
युवाओं का देश के विकास में अहम योगदान*
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि आज का भारत युवाओं के सामर्थ्य और प्रतिभा के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विज्ञान, तकनीक, चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन, कृषि, उद्योग और खेल सहित हर क्षेत्र में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करते हुए नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्रसेवा की भावना को भी आत्मसात करना चाहिए।
अंत में सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल और सुनहरे भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित*
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सपरिवार उपस्थित थे। साथ ही भाजपा नेता संदीप घोष, एम आर विश्वनाथन, सुजाता विश्वनाथन, दिनेश रूपरेला, रामेश्वर पटवा, गोपी कन्नौजे, गुड्डा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



