बागबाहरा में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से की चर्चा
बागबाहरा संस्कार न्यूज गौरव चंद्राकर*/ नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक की घटनाओं तथा विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक और आर्थिक दबाव जैसे मुद्दों को लेकर राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना था। इसी कड़ी में आज बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने बागबाहरा में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों एवं शिक्षकों से चर्चा की।
विधायक श्री यादव ने बताया कि कोटा में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों से नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं तथा परीक्षा प्रणाली से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राय ली थी। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने कोचिंग की बढ़ती फीस, शिक्षा ऋण के बोझ और प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव से जुड़ी समस्याओं को उनके सामने रखा था। राहुल गांधी ने कहा था कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था छात्रों पर अत्यधिक मानसिक और आर्थिक दबाव डाल रही है तथा इसमें सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई करने और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया था। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने बागबाहरा में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की तैयारियों, परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों, बढ़ती प्रतिस्पर्धा, मानसिक दबाव तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी महंगी कोचिंग व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की कठिन प्रतिस्पर्धा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता जैसे विषयों पर अपनी बात रखी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व विधायक श्री यादव ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित और मजबूत शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर और निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी ने कोटा में विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना है, उसी भावना के साथ कांग्रेस पार्टी युवाओं और छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी तथा उनके हितों की आवाज बनकर काम करेगी।


.jpeg)