घुंचापाली बागबाहरा में भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान का भव्य शुभारंभ - sanskar.live

Hot




मई 14, 2026

घुंचापाली बागबाहरा में भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान का भव्य शुभारंभ

 अजय जामवाल बोले – कार्यकर्ता निर्माण ही भाजपा संगठन की सबसे बड़ी शक्ति





महासमुंद संस्कार न्यूज गौरव चंद्राकर /भारतीय जनता पार्टी जिला महासमुंद द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अंतर्गत जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ मंगलवार को बागबाहरा स्थित चंडी माता मंदिर परिसर घुंचापाली में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी वरिष्ठ नेताओं ने माता चंडीदाई के दर्शन कर प्रदेश एवं संगठन की सुख-समृद्धि तथा कार्यकर्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तत्पश्चात भाजपा का ध्वजारोहण कर प्रशिक्षण महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग में रायपुर संभाग सह प्रभारी आदरणीय डॉ. राजीव सिंह जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू ने की। अपने स्वागत एवं प्रस्तावना उद्बोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा एवं विचारधारा आधारित संगठन है। प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित एवं संगठन के प्रति समर्पित बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीति-नीति एवं सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, वर्गाधिकारी श्री अनिमेष कश्यप (बाबी), विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल, पूर्व सांसद श्री चुन्नीलाल साहू, पूर्व विधायक श्री रामलाल चौहान, श्री प्रीतम सिंह दीवान, श्री परेश बागबाहरा, श्रीमती पूनम चंद्राकर, श्री इंद्रजीत सिंह गोल्डी एवं श्रीमती मोगरा पटेल सहित वरिष्ठ नेताओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत साधना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘अंत्योदय’ एवं ‘एकात्म मानववाद’ भाजपा की कार्यसंस्कृति की मूल आधारशिला है। यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता एवं कार्यकुशलता का विकास करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं रहता, बल्कि समाजसेवा एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए बना क्योंकि यहां कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रशिक्षण देकर मजबूत बनाया जाता है। प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, सेवा कार्यों एवं जनसंपर्क अभियानों से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा।

प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता एवं वैचारिक प्रतिबद्धता से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुभव, वैचारिक मजबूती एवं नेतृत्व क्षमता प्रदान करेगा, जिससे पार्टी और अधिक सशक्त होगी।

प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिसमें संगठन विस्तार, सेवा कार्य, सोशल मीडिया की भूमिका, बूथ प्रबंधन एवं जनसंपर्क अभियान जैसे विषयों पर वरिष्ठ नेताओं द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ के रूप में श्री संदीप शर्मा, डॉ. अवधेश जैन, श्री शशांक शर्मा एवं श्री उपकार चंद्राकर ने भी अपने विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री श्री जितेन्द्र त्रिपाठी एवं श्री थान सिंह ने किया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव एवं सह प्रभारी आनंद साहू द्वारा मीडिया को दी गई।

Post Top Ad

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer