पिथौरा चिरायु दल की संवेदनशील पहल से लोकेश्वर को मिला नया जीवन - sanskar.live

Hot




फ़रवरी 21, 2026

पिथौरा चिरायु दल की संवेदनशील पहल से लोकेश्वर को मिला नया जीवन

 मासूम की धड़कनों को मिला नया सवेरा




पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर/पिथौरा विकासखंड में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिरायु दल द्वारा स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों में बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम छिबर्रा में स्वास्थ्य जांच के दौरान मासूम लोकेश्वर निर्मलकर पिता – तोशराम निर्मलकर, माता – यशोदा निर्मलकर जन्मजात गंभीर हृदय रोग से पीड़ित पाए गए।

सतत प्रयास और विशेषज्ञ उपचार

बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिरायु दल ने तत्काल पहल की। 3–4 बार रायपुर के प्रमुख अस्पतालों में परामर्श कराया गया। परिजनों के मन में सर्जरी को लेकर स्वाभाविक चिंता थी, किंतु चिरायु दल, विद्यालय के शिक्षकों एवं स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के सतत सहयोग से उपचार की राह आसान हुई।

लालपुर, रायपुर स्थित एम एम आई नारायणा हॉस्पिटल में वरिष्ठ हृदय शल्य चिकित्सक डॉ मोहम्मद वसीम खान तथा शिशु हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ किंजल बक्शी की विशेषज्ञ टीम द्वारा चिरायु शासकीय योजना अंतर्गत निःशुल्क ओपन हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन के पश्चात 7 दिनों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बच्चे का उपचार चलता रहा।

चिरायु दल की महत्वपूर्ण भूमिका

बच्चे को अस्पताल ले जाने, समस्त जांच एवं उपचार की प्रक्रिया पूर्ण कराने में पिथौरा चिरायु दल की सक्रिय भूमिका रही। आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र प्रजापति, डॉ. तनुजा चंद्राकर, फार्मासिस्ट लेखरंजन पटेल, ए.एन.एम. राजकुमारी बंजारे एवं बेनूराम सिन्हा सहित समस्त टीम ने निरंतर सहयोग प्रदान किया।

प्रशासनिक मार्गदर्शन और समन्वय

यह संपूर्ण कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महासमुंद डॉ. आई. नागेश्वर राव के निर्देशन में, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू घृतलहरे एवं जिला राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सलाहकार अनुपम शर्मा की विशेष सलाह पर तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. तारा अग्रवाल के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

शिक्षक एवं समाज की सहभागिता

बच्चे का हाल-चाल जानने हेतु शिक्षकगण —

टीकाराम नायक, डूलेश्वर कुमार सिन्हा, राजेंद्र मार्कण्डेय, अरुण देवता, किरण पटेल एवं चंद्रशेखर पटेल — तथा स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रीतम उइके चिरायु दल के साथ लोकेश्वर के घर पहुँचे। सभी ने परिवार से मुलाकात कर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली एवं आगे भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

परिवार की खुशी, समाज के लिए प्रेरणा

सफल सर्जरी के बाद लोकेश्वर आज स्वस्थ हैं। उनके घर में फिर से खुशियों की किलकारियां गूंज रही हैं। परिजनों ने भावुक होकर कहा कि यह उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं।

उक्त जानकारी विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक जयकांत विश्वकर्मा द्वारा दी गई।

यह पहल केवल एक सफल शल्य चिकित्सा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और सामूहिक प्रयास की प्रेरणादायक मिसाल है, जिसने एक मासूम को नया जीवन प्रदान किया।

Post Top Ad

ad inner footer ad inner footer