रुद्राक्ष वितरण में उमड़े श्रद्धालु*
*महासमुंद संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर की रिपोर्ट।* विशाल मेगा मार्ट परिसर में पिछले एक माह से चल रहे रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन के चतुर्थ एवं अंतिम श्रावण सोमवार के पावन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सपरिवार पूजा-अर्चना में शामिल हुए। उन्होंने पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
उल्लेखनीय है कि महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा लगातार 11वें वर्ष श्रावण मास में भव्य रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन 29 जुलाई को श्रावण मास के प्रथम दिन से प्रारंभ हुआ है, जो प्रतिवर्ष की भांति विशाल मेगा मार्ट परिसर के पास विधायक जनदर्शन कार्यालय के पीछे करवाया जा रहा है।
सोमवार सुबह 9 बजे से वेदी पूजा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मंत्रोच्चार के बीच विद्वान पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजन संपन्न करवाया। इसके पश्चात पार्थिव शिवलिंग का महा-अभिषेक किया गया। दिन भर भजन मंडली और रामायण मंडली द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा परिसर शिवमय हो गया। शाम को विधिवत हवन पूजन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रतिदिन की तरह अंतिम सोमवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण पूजन में शामिल हुए।
रुद्राक्ष वितरण बना आकर्षण का केंद्र*
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन के दौरान रुद्राक्ष का वितरण किया जा रहा है। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार को पूजा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष वितरित किया गया। श्रद्धालु इस पवित्र मास में आयोजित पूजन में शामिल होकर पुण्यलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि श्रावण का पवित्र मास चल रहा है और महादेव की सच्चे मन से पूजा अर्चना करने पर सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता तथा आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं।



.jpeg)