शराब जब्त कर फरार हुए 6 आरोपी, पुलिस ने 5 को दबोचा, 1 नाबालिग के खिलाफ कार्रवाई
झलप शराब भट्टी के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना पर हुई छापेमारी, आरोपियों ने की धक्का-मुक्की और दी जान से मारने की धमकी
वीडियो
*महासमुंद संस्कार न्यूज़ ।* महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत झलप शराब भट्टी के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए आबकारी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी देते हुए जब्त शराब लेकर फरार हो गए। मामले में पटेवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी किशोर न्यायालय के नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।
क्या है पूरा मामला*
आबकारी विभाग को 28 जून को सूचना मिली थी कि झलप शराब भट्टी के पास कुछ लोग अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से *60.48 लीटर देशी शराब* बरामद की और तीन आरोपियों को मौके पर हिरासत में लिया।
इसी दौरान हिरासत में लिए गए आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते 5-6 लोग मौके पर पहुंच गए और आबकारी टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोपियों ने टीम के सदस्यों के साथ *धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी*। हंगामे के बीच आरोपियों ने जब्त की गई शराब को भी छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गए।
*पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई*
घटना की जानकारी मिलते ही पटेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात सहित 6 लोगों के खिलाफ *शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और आबकारी एक्ट* की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वहीं इस घटना में शामिल एक *विधि से संघर्षरत बालक* को भी हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
*फरार आरोपियों की तलाश जारी*
पटेवा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस या आबकारी विभाग को दें। अवैध शराब के कारोबार और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

.jpeg)