बागबाहरा संस्कार न्यूज गौरव चंद्राकर*/भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा विधानसभा खल्लारी अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र बागबाहरा के शक्ति केंद्र तेंदुलोथा, बूथ क्रमांक-97 में महीने के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक सफलता, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से लाभान्वित लोगों के अनुभव, जल संरक्षण में जनभागीदारी तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता जैसे अनेक प्रेरणादायी विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। वहीं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा एवं पार्षद अनीता टांडी, सह-कोषाध्यक्ष महिला मोर्चा एवं पार्षद श्याम चंद्राकर, जिला कार्यकारी सदस्य लक्ष्मी दत्ता सहित महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


.jpeg)