अतिरिक्त कक्षा लगाकर बच्चों का स्तर सुधारने का प्रयास
पिथौरा संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर/ पिथौरा विकास खण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला मोहगांव के प्रधान पाठक भोजराज प्रधान पिछले 2 मई से विद्यालय में कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों का एक्स्ट्रा क्लास लगाकर बच्चों की पढ़ाई करा रहे हैं। श्री भोजराज प्रधान इसके पूर्व शासकीय प्राथमिक शाला भैरोपुर में पदस्थ थे और जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैनिक स्कूल परीक्षा की तैयारी कराते थे, जिससे प्रतिवर्ष दर्जनों बच्चों का चयन होता था। प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नत होकर अपने गृहग्राम मोहगांव आये हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखकर यहां के बच्चों को समर क्लास लगाकर उनका स्तर सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। यह क्लास सप्ताह में तीन से चार दिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक लगायी जा रही है। यहाँ के बच्चे उत्साहपूर्वक पढ़ाई कर रहे हैं और नवाचार के माध्यम से सीख रहे हैं। शासकीय प्राथमिक शाला मोहगांव के बच्चे पालक व समस्त ग्रामवासी बहुत खुश हैं एवं प्रधान सर को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे है। छात्र युवराज छत्तर, जिबेश कुमार बरिहा ने बताया कि प्रधान सर खेल खेल में व चित्र बनाकर गणित को बहुत ही सरल तरीके से समझा देते हैं जिससे अब हमें गणित विषय बहुत ही आसान लग रहा है। उप सरपंच श्री विजय बारीक, श्री रोहित प्रधान ने बताया कि श्री भोजराज प्रधान के आने से विद्यालय में व गांव में पढ़ाई का माहौल निर्मित हुआ है जो आनेवाले समय में अच्छा परिणाम देखने को मिलेगा। हम समस्त ग्रामवासियों का भरपूर सहयोग हमारे स्कूल को मिलेगा।


.jpeg)