बैगलेस शनिवार पर हरियर पाठशाला 3.0 के तहत बच्चों ने सीखा व्यवहारिक ज्ञान, किया पौधों का रोपण
*रायपुर संस्कार न्यूज़ गौरव चंद्राकर / शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में हरियर पाठशाला 3.0 के तहत शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू के मार्गदर्शन में बच्चों के लिए सीडबाल बनाने की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कक्षा चौथी और पांचवी के 60 बच्चों ने हिस्सा लिया।
उक्त कार्यशाला राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बैगलेस शनिवार पर आयोजित की गई जिसका मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं पर किताबों के बोझ को कम करना, सीखने को आनंददायक और अनुभवात्मक बनाना, व्यावसायिक कौशल को विकसित करना और व्यवहारिक ज्ञान के साथ सैद्धांतिक शिक्षा को जोड़ना है।
इसी को ध्यान रखते हुए प्राथमिक शाला लभांडी के बच्चों को बीजों से सीडबाल बनाना सिखाया गया। बच्चों द्वारा करेला, सेम और कुमड़ा के बीज से सीडबाल बनाया गया। बच्चे सीडबाल के माध्यम से बीजों में होने वाले अंकुरण की प्रक्रिया को समझ पाए। अंकुरण के लिए आवश्यक तत्व एवं सावधानियों से अवगत हुए, जो पौध निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सीडबाल बनाने के पश्चात बच्चों ने उसे रोपनी में अंकुरण के लिए छोड़ दिया। बच्चों ने वैजयंती, मंदार, हजार मोगरा और गेंदे के फूल का भी रोपण किया।
प्रधान पाठक रघुवीर निषाद ने शिक्षक की उक्त पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्कूलों में किसी भी प्रकार की गतिविधियों का आयोजन बच्चों को हमेशा सीखने के लिए प्रेरित करता है। पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों को स्वयं से करके देखना बच्चों के लिए अनोखा अनुभव है।




.jpeg)