जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में तुलसी संदेश मानस मंडली टीम रही विजेता - sanskar.live

Hot




अप्रैल 06, 2022

जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में तुलसी संदेश मानस मंडली टीम रही विजेता

तुलसी संदेश मानस मंडली टीम को मिला 50 हजार रुपए का चेक

मानस मंडली शिवरीनारायण में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में जिले का नेतृत्व करेगी


महासमुंद संस्कार न्यूज़ / जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में बसना की तुलसी संदेश मानस मंडली (बंसुलीडीह) सागरपाली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन बीते मंगलवार 5 तारीख को महासमुंद जिले के बागबाहरा के घुंचापाली स्थित मॉ चण्डी मंदिर प्रांगण में आयोजित हुआ। जिसमें महासमुंद सहित सभी विकासखण्ड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रामायण मंडली शामिल हुए। इनमें महासमुंद ब्लॉक की श्री सोर संदेश मानस मण्डली खैरझिटी, सरायपाली के जय दुर्गा मानस मंडली हर्राटार (परसदा), पिथौरा के सोनचिरैया मानस परिवार लामीडीह, बसना के तुलसी संदेश मानस मंडली (बंसुलडीह) और बागबाहरा के ज्ञान गंगा मानस परिवार मोंगरापाली (रेवा) शामिल हुए। सभी रामायण मंडलियों ने श्रोताओं को धार्मिक ग्रंथ सराबोर कर दिया। श्रोताओं ने भी सभी मानस मंडलियों का ताली बजाकर काफी उत्साह वर्धन किया। रामायण मंडली ने श्रोताओं पर अपनी वाणी और संगीत से देर रात तक श्रोताओं पर छाप छोड़ी।

कलेक्टर श्री निलेश कुमार क्षीरसागर ने जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता के लिए 6 सदस्यीय निर्णायक समिति का गठन किया था। इन निर्णायक मंडल में गंधेश्वर ट्रस्ट सिरपुर के अध्यक्ष श्री दाऊलाल चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री ओ.पी. कोसरिया, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री एल.आर. कुर्रे, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु भारतीय, शिक्षक श्री सुरेन्द्र मानिकपुरी, जिला खेल अधिकारी श्री मनोज धृतलहरे शामिल थे।

सभी विकासखण्डों से चयनित एक-एक टीम ने जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मानस मंडली प्रतियोगिता मंें पहला स्थान बसना विकासखण्ड के बंसुलीडीह के तुलसी संदेश मानस मंडली टीम ने प्राप्त किया। मानस मंडली टीम को अतिथियों द्वारा मौके पर 50 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया। जिला स्तर पर विजेता टीम आगामी 8 से 10 अप्रैल तक शिवरीनारायण जिला जांजगीर-चांपा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में जिला का नेतृत्व करेंगे।



Post Top Ad

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer